संकेत महादेव सांगली के साधारण परिवार से निकलकर कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता बनने का दिलचस्प सफर

संकेत महादेव सांगली के साधारण परिवार से निकलकर कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता बनने का दिलचस्प सफर
संकेत महादेव सरगर का नाम देश के युवा और प्रतिभाशाली वेटलिफ्टरों में लिया जाता है। संकेत अपनी क्षमता का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय मंच पर करते हुए देश के लिए पदक जीत चुके हैं।

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। संकेत महादेव सरगर का नाम देश के युवा और प्रतिभाशाली वेटलिफ्टरों में लिया जाता है। संकेत अपनी क्षमता का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय मंच पर करते हुए देश के लिए पदक जीत चुके हैं।

संकेत महादेव का जन्म 16 अक्टूबर 2000 को सांगली, महाराष्ट्र में हुआ था। उनका पूरा नाम संकेत महादेव सरगर है। सांगली के एक साधारण परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर का वेटलिफ्टर बनने की संकेत की कहानी संघर्षों से भरी हुई है और किसी भी खेल में विपन्नता का सामना करते हुए बड़ी सफलता हासिल करने का इरादा रखने वाले एथलीटों के लिए प्रेरणा है।

संकेत एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखते थे। इस वजह से वेटलिफ्टिंग के प्रशिक्षण का खर्च उठा पाना उनके लिए आसान नहीं था। परिवार की देखरेख करने की जिम्मेदारी भी उन पर थी। संकेत ने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति को कभी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया। वह सुबह से शाम तक अपनी आर्थिक स्थिति और खेल के स्तर को सुधारने के लिए कड़ी मेहनत करते थे।

इस वेटलिफ्टर के पास एक छोटी-सी पान और चाय की दुकान थी। वह सुबह साढ़े पांच बजे उठकर ग्राहकों के लिए चाय बनाते। इसके बाद वह ट्रेनिंग के लिए जाते। ट्रेनिंग के बाद संकेत पढ़ाई करते और शाम को फिर दुकान पर जाते। शाम को दुकान पर कुछ समय रहने के बाद वह फिर से वेटलिफ्टिंग के प्रशिक्षण के लिए चले जाते।

संकेत की यह जीवनशैली करीब 7 साल तक रही। इसी दिनचर्या को जीते हुए संकेत ने खुद को राष्ट्रीय स्तर का वेटलिफ्टर बनाया था। संकेत के नाम पुरुषों के 55 किलोग्राम भार वर्ग में 256 किलोग्राम का राष्ट्रीय और राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड है।

सांगली के इस वेटलिफ्टर की जिंदगी 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में बदली। इंग्लैंड के बर्मिंघम में हुए 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने 248 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता।

रजत पदक संकेत की वर्षों की कड़ी मेहनत का परिणाम था और निश्चित रूप से इस पदक के बाद उनकी जिंदगी बदल गई। भविष्य में संकेत देश के लिए ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना चाहते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Oct 2026 2:35 PM IST

Tags

Next Story