मानदेय में बढ़ोतरी से खुश हुए स्वच्छता मित्र, बोले - सरकार ने बढ़ाया मान, अब भविष्य होगा सुरक्षित
वाराणसी, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन सरोजा पैलेस में आयोजित 'स्वच्छता मित्र' सम्मान समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने वाराणसी नगर निगम के सैकड़ों सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया और उन्हें स्वच्छता किट भी प्रदान की। समारोह में मुख्यमंत्री ने सफाईकर्मियों के हित में एक बड़ी घोषणा करते हुए उनके मासिक मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान किया।
सम्मान पाने के बाद सफाईकर्मियों ने अपनी खुशी जाहिर की। एक सफाई कर्मचारी चिंता देवी ने कहा, "हम बहुत खुश हैं, बहुत ज्यादा खुश हैं। मुख्यमंत्री ने जब घोषणा कर दी है तो यह जरूर पूरा होगा। हमारी सैलरी पहले से थोड़ी बढ़ चुकी है। हम बस यही चाहते थे कि हमारी सैलरी बढ़ाई जाए या हमें स्थायी कर्मचारी बना दिया जाए। 10 हजार रुपए में हमारा गुजारा नहीं हो पाता था, अब 16 हजार रुपए मिलेंगे। यह हमारे लिए बहुत बड़ी राहत है।"
स्वच्छता कर्मी राजकुमार ने कहा, "हमारे लिए सुविधाओं के बारे में बहुत कुछ कहा गया और जो भी वादे किए गए हैं, उससे हम बहुत खुश हैं।"
महिला सफाई मित्र कल्पना देवी ने कहा, "बहुत अच्छा लग रहा है। पहले ऐसा नहीं था, लेकिन अब व्यवस्था बहुत सही है। हम यही चाहते हैं कि हमारा वेतन बढ़ाया जाए और हमें सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। इससे हमारा और हमारे बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो जाएगा। अगर हमारी नौकरी पक्की हो जाएगी तो हमारे परिवार के लिए अच्छा होगा।"
सफाई मित्र आशुतोष ने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लगा, बहुत खुशी हो रही है। मैं धन्यवाद देना चाहता हूं। मानदेय बढ़ गया है, इससे हम बहुत खुश हैं। हम चाहते हैं कि सरकार ऐसे ही आगे बढ़ती रहे और हम भी सेवा करते रहेंगे।"
दिनेश चौधरी नाम के एक अन्य सफाई मित्र ने बताया कि लंबे समय से उनकी मेहनत के हिसाब से वेतन नहीं मिल रहा था।
उन्होंने कहा, "आज हमें सम्मान का अवसर मिला है, इससे हम बहुत खुश हैं। मानदेय को लेकर जो बात कही गई है, उससे हम काफी प्रसन्न हैं। पहले मानदेय कम मिलता था, अब 5 से 6 हजार रुपए की बढ़ोतरी हुई है, जिससे हमारा गुजर-बसर अच्छे से हो पाएगा। सरकार से निवेदन है कि इसी तरह सफाई मित्रों पर ध्यान देती रहे। हम इस फैसले से बहुत संतुष्ट हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Oct 2026 2:55 PM IST












