सान्या 30 मार्च को एशियन बीच गेम्स की मशाल रिले का आयोजन करेगा
सान्या, 23 मार्च (आईएएनएस)। छठे एशियन बीच गेम्स 2026 के लिए मशाल रिले 30 मार्च को आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने सोमवार को इसकी घोषणा की है। 22 से 30 अप्रैल तक चलने वाले एशियन बीच गेम्स में 14 खेलों, 15 विधाओं और 62 स्पर्धाओं में करीब 1,790 एथलीट हिस्सा लेंगे। उद्घाटन समारोह 22 अप्रैल को सान्या एशियन बीच गेम्स पार्क में आयोजित किया जाएगा।
आयोजन समिति के उप-निदेशक वांग गुओपिंग ने कहा कि मशाल रिले शहर के समुद्री तटों की खूबसूरती और जीवंत खेल संस्कृति को उजागर करेगी। उन्होंने कहा, "मशाल रिले धूप, तटरेखा और रेतीले समुद्र तट जैसे तत्वों के माध्यम से बीच स्पोर्ट्स के अनोखे आकर्षण को प्रदर्शित करेगा।"
आयोजकों के अनुसार, 45 देशों और क्षेत्रों की राष्ट्रीय और क्षेत्रीय ओलंपिक समितियों ने इस आयोजन के लिए पंजीकरण कराया है। योग्यता समीक्षा के बाद 20 मार्च तक पंजीकृत एथलीट्स की संख्या 1,790 थी।
छठे एशियन बीच गेम्स 2026 में 14 खेल, 15 विधाएं और 62 स्पर्धाएं शामिल होंगी। टीमों की संख्या कम होने के कारण महिलाओं की बीच फुटबॉल स्पर्धा रद्द कर दी गई है, जबकि अन्य सभी स्पर्धाएं योजना के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
प्रतिभागियों की संख्या के आधार पर शीर्ष पांच खेल बीच हैंडबॉल, ड्रैगन बोट, बीच एथलेटिक्स, जू-जित्सू और बीच वॉलीबॉल हैं। बीच हैंडबॉल में सर्वाधिक 237 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल के आकार के मामले में, शीर्ष पांच प्रतिभागी टीमें थाईलैंड, चीन, फिलीपींस, भारत और हांगकांग-चीन हैं।
आयोजन समिति के उप महासचिव ली हैगांग ने बताया कि प्रतियोगिता कार्यक्रम और स्पर्धाओं की समय-सारिणी को बेहतर बनाया गया है और इसे जल्द ही जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा, "मीडिया और दर्शकों को अपने देखने का शेड्यूल बेहतर ढंग से प्लान करने में मदद करने के लिए, कार्यक्रमों के विस्तृत समय की जानकारी स्पष्ट की जाएगी।"
इस बीच, सभी प्रतियोगिता स्थलों पर मौजूद ऑपरेशनल टीमों ने ट्रेनिंग, टेबलटॉप अभ्यास और टेस्ट इवेंट्स के कई दौर पूरे कर लिए हैं। ली ने कहा, "30 दिनों में, पूरे एशिया से एथलीट, कोच और अधिकारी सान्या में इकट्ठा होंगे, ताकि वे यहां के नीले समुद्र और रेतीले तटों के बीच मुकाबला कर सकें। एक उच्च-गुणवत्ता वाला प्रतियोगिता माहौल देने और शानदार गेम्स आयोजित करने के लिए हम अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 11:18 PM IST












