सपा-कांग्रेस नेताओं ने कहा, 'पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, फिर वार्ता'

सपा-कांग्रेस नेताओं ने कहा, पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, फिर वार्ता
समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अनुराग भदौरिया और कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ने नीट पेपर लीक मामले में पीएम मोदी के सोशल मीडिया पोस्ट पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार को पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए। इसके बाद ही वार्ता के लिए विपक्ष तैयार होगा।

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अनुराग भदौरिया और कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ने नीट पेपर लीक मामले में पीएम मोदी के सोशल मीडिया पोस्ट पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार को पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए। इसके बाद ही वार्ता के लिए विपक्ष तैयार होगा।

नीट पेपर लीक मामले में करीब एक माह से जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की अगुवाई में विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है। 20 जुलाई को उग्र प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसमें कुछ प्रदर्शनकारियों को चोट भी पहुंची।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को कहा कि सरकार वार्ता के लिए तैयार है तो गुरुवार को पीएम मोदी ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि सरकार के लिए युवा पहले हैं और पेपर लीक मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अनुराग भदौरिया ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सभी मांग कर रहे हैं कि केंद्र सरकार शिक्षा मंत्री से इस्तीफा ले। लेकिन, सरकार तो इस मामले में चुप है। प्रधानमंत्री ने जो पोस्ट किया है, यह सिर्फ दिखावा है। जिन बच्चों को चोट पहुंची है, उनके बारे में सरकार को दो शब्द कहने चाहिए। सरकार को उनकी परेशानी समझ में नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही रवैया अपनाती है। लोकतंत्र में जनता की ताकत होती है।

उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ संसद में वंदे मातरम का बिल ला रही है तो दूसरी तरफ वंदे मातरम का नारा लगाने वाले छात्रों को पीटा जा रहा है।

कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब एक्शन लेने का वक्त है। उन्होंने मांग की कि आंदोलित छात्रों की मांगों को मानना चाहिए। उन्होंने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के साथ जिस तरह का बर्ताव दिल्ली पुलिस की ओर से किया गया, उसकी निंदा की।

आराधना मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा कराए और उसके बाद चर्चा करे। आराधना मिश्रा ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। चुनाव को लेकर कांग्रेस की पूरी तैयारी है और इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 10:19 PM IST

Tags

Next Story