'नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश से भी अधिक नाराज हैं भारत के युवा', सपा विधायक ने सरकार पर बोला हमला
लखनऊ, 23 जुलाई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने नीट पेपर लीक, छात्रों के प्रदर्शन और विपक्ष के आंदोलन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग कर रही है और छात्रों के साथ अन्याय किया जा रहा है।
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान सैकड़ों छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रधानमंत्री से चर्चा के लिए मिलने गए थे, लेकिन उनके साथ भी गलत व्यवहार किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों से बातचीत नहीं कर रही है। मेहरोत्रा ने कहा कि जिस तरह नेपाल में छात्रों और युवाओं ने आंदोलन किया, वैसा आंदोलन भारत में भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि नेपाल में नेताओं को देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था और ऐसी स्थिति यहां भी बन सकती है। श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल की तरह भारत के युवाओं में भी भारी गुस्सा है।
सपा विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह करने के लिए बेबुनियाद और झूठे आरोप लगा रही है। पूरे देश में छात्र और युवा नाराज हैं और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र अपनी समस्याएं और अधिकारों की बात रखने के लिए खुद जंतर-मंतर पहुंचे थे, लेकिन सरकार ने उनकी बात सुनने के बजाय लाठीचार्ज किया और सख्त कार्रवाई की। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं और बेटियों के साथ भी गलत व्यवहार किया गया।
उन्होंने कहा कि छात्र पत्थर लेकर प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचे थे, बल्कि खुद पुलिसवाले गाड़ियों में भरकर पत्थर लेकर पहुंचे थे। भाजपा सरकार के 12 साल के शासन में करीब 90 परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने पैसे लेकर पेपर लीक किए हैं। अगर पहले भी कोई पेपर लीक हुआ है तो सरकार को उसकी भी जांच करवानी चाहिए। उन्होंने नीट का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसमें 50 लाख रुपए तक की रकम शामिल थी और पेपर लीक हुआ। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द नहीं की गई और सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
सपा विधायक ने कहा कि इतिहास में जब भी विदेशी ताकतों ने देश पर हमला किया, उन्होंने पहले मंदिरों को नुकसान पहुंचाया, फिर विश्वविद्यालयों को निशाना बनाया और जनता के विरोध को दबाने के लिए बल का इस्तेमाल किया। भाजपा सरकार भी इसी तरह काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में नई यूनिवर्सिटी बनाने के बजाय विश्वविद्यालयों की इमारतों और कमरों को तोड़ने का काम किया जा रहा है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रविदास मेहरोत्रा ने भाजपा सरकार की तुलना आतंकवादियों से करते हुए कहा कि दोनों में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को युवाओं पर बर्बर लाठीचार्ज किया गया, बैरिकेड में करंट लगाया गया और हवाई फायरिंग की गई। आतंकवादी किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने से पहले उसका धर्म पूछते हैं और भाजपा सरकार भी लोगों को धर्म और जाति के आधार पर निशाना बना रही है।
सपा विधायक ने कहा कि नीट पेपर लीक के बाद 30 छात्रों ने आत्महत्या की। उन्होंने सवाल किया कि इन मौतों की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने पैसे लेकर पेपर लीक किए और बाद में परीक्षाएं रद्द की गईं। डेढ़ महीने बाद प्रधानमंत्री फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात कर रहे हैं, जबकि पहले ही कार्रवाई होनी चाहिए थी। देश में युवा सड़क पर संघर्ष कर रहा है और लाठी खा रहा है तो प्रधानमंत्री फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात कह रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हुआ तो खुद पीएम भी कुर्सी पर नहीं रह पाएंगे।
मेहरोत्रा ने कहा कि अगर कभी भी पेपर लीक हुआ है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज से कराई जाए और पुराने पेपर लीक मामलों की भी निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संघर्ष और आंदोलनों से बनी है और वह देश के परेशान एवं नाराज युवाओं के साथ खड़ी है। युवाओं के अधिकारों के लिए पार्टी सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 July 2026 11:00 PM IST












