सपा का आतंकराज गिनाकर राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला, बोले- दलितों-पिछड़ों पर हुए जुल्म का लेंगे हिसाब

सपा का आतंकराज गिनाकर राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला, बोले- दलितों-पिछड़ों पर हुए जुल्म का लेंगे हिसाब
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पर 'सपा का आतंकराज- पार्ट 1' शीर्षक से पोस्ट जारी करते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार हुए।

लखनऊ, 14 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पर 'सपा का आतंकराज- पार्ट 1' शीर्षक से पोस्ट जारी करते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार हुए।

उन्होंने सीतापुर की पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि वोट न देने पर दलित बस्तियों को निशाना बनाया गया था। साथ ही कहा कि वह ऐसे मामलों को जिलेवार उठाकर सपा सरकार के कार्यकाल का 'हिसाब' जनता के सामने रखेंगे। मंत्री राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि सपा का आतंकराज - पार्ट 1 अखिलेश यादव जी कल ही मैंने कहा था कि रोज एक जनपद में आपके 'आतंकराज' की घटना याद दिलाकर बताऊंगा।

बुलंदशहर वाली निंदनीय घटना की तरह ही आपके जंगलराज की एक और वीभत्स मिसाल सीतापुर से सामने ला रहा हूं। उन्होंने आगे लिखा कि याद कीजिए, 6 मार्च 2012 को सत्ता का जनादेश मिलते ही आप लोगों का दलितों-पिछड़ों के खिलाफ नंगा नाच शुरू हो गया था। अभी सरकार भी नहीं बनी थी, सिर्फ जीते थे तभी से आप लोगों का आतंकराज शुरू हो गया था। जनादेश मिलने के दो दिन के अंदर ही 8 मार्च 2016 को आपके बेलगाम सपाई गुंडों ने सीतापुर के रेवसा के बिंबिया गांव में दलितों के 13 घर जला दिए। सिर्फ इसलिए क्योंकि दलितों ने सपा को वोट नहीं दिया था।

राजभर ने लिखा कि इसी सीतापुर में 21 दिसंबर 2015 को लहरपुर थाने के पट्टी देहलिया गांव में दलित बस्ती के 35 घरों में आग लगा दी गई। बस इसलिए क्योंकि दलितों ने प्रधानी चुनाव में सपा प्रत्याशी को वोट नहीं दिया। दो मासूम दलित बच्चों को जिंदा जला दिया गया। आपका सपाई प्रधान खुद अपने हाथों से घरों में आग लगा रहा था। परिवार रो-रोकर गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन आपके सपाई गुंडों ने कोई रहम नहीं किया। बच्चे जलकर राख हो गए, बस्ती खाक हो गई। उन्होंने लिखा कि ऐसे होती थी आपकी मुगलिया बर्बरता।

उन्होंने कहा कि वो सब दृश्य याद आते ही हम अति पिछड़ों का खून खौल जाता है, हमारे दलित भाइयों की आत्मा कांप उठती है...आपकी सरकार में वोट न देने की 'सजा' में बहुजनों पर ऐसे बर्बर ढंग से अत्याचार होते थे। ओपी राजभर ने लिखा कि चुनाव जीतते ही आपके सपाई गुंडों का दु:साहस इतना बढ़ जाता था कि वो खुलेआम जुल्म ढाते थे और आप और आपका पूरा सिस्टम चुप्पी साधे बैठा रहता था। उन्होंने आगे कहा कि अखिलेशजी आपकी सपा सरकार के उस 'आतंकराज' को याद करके आज भी प्रदेश की जनता का रोम-रोम सिहर उठता है। तैयार रहिए, एक-एक जिले का बराबर हिसाब लूंगा आपसे।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 July 2026 1:56 PM IST

Tags

Next Story