सपा राज में बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं, अखिलेश यादव के वादे रंगीन सपना गुलाब देवी​‌

सपा राज में बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं, अखिलेश यादव के वादे रंगीन सपना गुलाब देवी​‌
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, समानता और कल्याण को लेकर किए गए दावों पर उत्तर प्रदेश की राज्य मंत्री गुलाब देवी ने पलटवार किया। अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस को हास्यास्पद बताते हुए उन्होंने सपा शासन के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए। गुलाब देवी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर हैं तथा भाजपा सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।

संभल, 26 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से महिलाओं की सुरक्षा, समानता और कल्याण को लेकर किए गए दावों पर उत्तर प्रदेश की राज्य मंत्री गुलाब देवी ने पलटवार किया। अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस को हास्यास्पद बताते हुए उन्होंने सपा शासन के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए। गुलाब देवी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर हैं तथा भाजपा सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।

गुलाब देवी ने कहा कि अखिलेश यादव आज महिलाओं की सुरक्षा और समानता की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने शासनकाल को याद करना चाहिए। उस समय स्कूलों के आसपास असामाजिक तत्वों की मौजूदगी और लड़कियों पर कथित अभद्र टिप्पणियों के कारण छात्राओं के लिए स्कूल आना-जाना मुश्किल था। अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को लेकर एक मौलाना की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का जिक्र करते हुए भी उन्होंने सपा नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से उस समय महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर आवाज नहीं उठाई गई।

राज्य मंत्री ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाएं रात में भी बिना भय के आवागमन कर सकती हैं। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि महिलाओं के साथ गलत व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। गुलाब देवी ने महिलाओं के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज महिलाएं केवल सुरक्षा की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक रूप से भी मजबूत हो रही हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का दावा किया।

अखिलेश यादव की ओर से समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा के वादे पर गुलाब देवी ने कहा कि यह कोई नया वादा नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा कर चुके हैं।

हर साल महिलाओं को 40 हजार रुपए देने को लेकर समाजवादी पार्टी के वादे को गुलाब देवी ने 'रंगीन सपना' बताया। उन्होंने कहा कि सपने और वास्तविकता में अंतर होता है और जनता ऐसे वादों को समझती है। सपा सरकार के दौरान हुए गेस्ट हाउस कांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वालों को अपने अतीत पर भी नजर डालनी चाहिए। भाजपा सरकार ने महिलाओं को आवासीय योजनाओं में मालिकाना हक देने पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं में महिलाओं को घर की स्वामिनी बनाए जाने को उन्होंने महिला सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने बताया कि वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लोगों की पेंशन को 300 रुपए से बढ़ाकर 1 हजार रुपए प्रतिमाह किया गया है। इसके अलावा स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन बनाने वाली रसोइयों के मानदेय में वृद्धि का भी उन्होंने उल्लेख किया। राज्य मंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना 5 लाख रुपए तक के उपचार की सुविधा मिलती है। उन्होंने आकस्मिक घटनाओं की स्थिति में आर्थिक सहायता का भी जिक्र किया।

गुलाब देवी ने कहा कि हालिया हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणामों में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित और प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, संपत्ति और सार्वजनिक जीवन में अधिक अधिकार देकर आत्मनिर्भर बनाना है। गुलाब देवी ने कहा कि महिलाओं के बीच सरकार की योजनाओं को लेकर भरोसा बढ़ा है और महिलाएं भाजपा सरकार के साथ मजबूती से खड़ी हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Aug 2026 12:11 AM IST

Tags

Next Story