'यूपी का समस्त जाट समुदाय आक्रोशित', अंकित बालियान की हत्या पर अखिलेश यादव का बयान
लखनऊ, 26 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर योगी सरकार की कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "उप्र की कानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है, उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है।"
उन्होंने आगे लिखा, "मृतक की दुखी मां के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है। जाट समाज ने हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी मांग बुलंद की है। उप्र का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है। इस हत्याकांड की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के दृष्टिकोण से भी किए जाने की मांग उठ रही है। बेहद निंदनीय।"
दरअसल, शामली जिले में हरियाणवी और पश्चिमी यूपी के लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने बेहद बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया।
शामली पुलिस ने बताया कि डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि बंटीखेड़ा निवासी मृतक अंकित बालियान को जिम से निकलते समय 3-4 अज्ञात लोगों ने गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही शामली कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया, "शाम को करीब 7 बजे सूचना प्राप्त हुई कि अंकित बालियान कोतवाली शहर में एक जिम में एक्सरसाइज करने आते थे, जैसे ही वह वहां से निकले, उन्हें गोली मारी गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार चार लड़के थे, जो दो बाइक पर आए थे। हम मामले की जांच कर रहे हैं। मौके से हमें दो-तीन खोखे मिले थे। पूरी टीम मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की पहचान की जा रही है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Aug 2026 12:11 AM IST












