सत्य निकेतन हादसा इमारत गिरने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश, एमसीडी अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में गिरी इमारत के बाद नगर निगम (एमसीडी) अधिकारियों ने बगल की बिल्डिंग को भी तोड़ने की कार्रवाई की है। हालांकि, इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और छात्रों में अभी भी एमसीडी अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश है।
एक छात्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इस हादसे के बाद डर लगता है, क्योंकि यह घटना बड़ी थी। हमारी सरकार से यही मांग है कि सुरक्षा रखी जानी चाहिए।
वहीं, एक छात्र ने कहा कि एमसीडी ने जो कार्रवाई अभी की है, उसके लिए पहले कदम उठाए जाने चाहिए थे। नोटिस एक महीने पहले दिया गया था, इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई। हादसे के बाद ही एक्शन लिया जाता है। कुछ नेता उसको विवाद बनाकर राजनीति कर रहे हैं।
छात्र ने एमसीडी अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कुछ पैसों के चक्कर में छात्रों की जान से खिलवाड़ की जाती है। अभी एमसीडी कमिश्नर को अपना इस्तीफा दे देना चाहिए और पीजी माफियाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
एक स्थानीय महिला ने कहा, "हमारा मानना है कि जितनी भी अवैध और जर्जर इमारतें हैं, उन्हें सील किया जाए और तोड़ा जाए। अन्यथा भविष्य में ऐसी घटनाएं फिर होंगी और बच्चे दबेंगे।"
उन्होंने कहा कि हादसे के बाद कई बच्चे बेघर घूम रहे हैं। उनके पास खाना भी नहीं है। वे गुरुद्वारे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी और नेता अपनी कुर्सियां बचा रहे हैं, इन बच्चों की कोई मदद नहीं कर रहा है।
एक स्थानीय नागरिक ने कहा, "आज इन इमारतों को गिराया जा रहा है, लेकिन जब ये बनती हैं, तब कोई नहीं आता है। असलियत यह है कि कानून सिर्फ किताबों में सिमट कर रह गया है। अपनी जान बचाने के लिए अब एमसीडी के लोग सर्वे में लगे हुए हैं।"
एक अन्य व्यक्ति ने कहा, "जो जर्जर इमारतें हैं, उन्हें तोड़ा ही जाना चाहिए। फिलहाल, हमें बगल की इमारत को तोड़े जाने की जानकारी यहां पहुंचने के बाद मिली, क्योंकि वहां बैरिकेडिंग की गई है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Sept 2026 2:14 PM IST












