सऊदी अरब किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भीषण हमले में एक भारतीय समेत 2 की मौत

सऊदी अरब किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भीषण हमले में एक भारतीय समेत 2 की मौत
सऊदी अरब में बुधवार देर रात किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए भीषण हमले में दो लोगों की मौत हो गई है। इनमें से एक भारतीय नागरिक है, वहीं आठ घायलों में भी दो भारतीय हैं।

रियाद, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। सऊदी अरब में बुधवार देर रात किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए भीषण हमले में दो लोगों की मौत हो गई है। इनमें से एक भारतीय नागरिक है, वहीं आठ घायलों में भी दो भारतीय हैं।

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, "सऊदी अधिकारियों ने जानकारी दी है कि कल रात दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में से एक भारतीय नागरिक भी शामिल था। वहीं, दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। हम और अधिक जानकारी जुटा रहे हैं और पीड़ित परिवारों से संपर्क कर रहे हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं, और हम घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

इससे पहले देश के राष्ट्रीय उड्डयन नियामक जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (जीएसीए) ने गुरुवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

बयान के मुताबिक बुधवार देर रात दम्मम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए भीषण हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। मृतकों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं।

इसमें आगे घायलों की जानकारी दी गई है। बताया गया है कि इस हमले में 8 लोग घायल हुए हैं। जिनमें एक सऊदी नागरिक, भारत, यमन और बांग्लादेश के दो-दो निवासी, और नेपाल का एक निवासी शामिल है। घायलों को मामूली से लेकर गंभीर चोट आई है। फिलहाल, उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में जरूरी चिकित्सा देखभाल दी जा रही है।

अथॉरिटी ने पुष्टि की है कि वह संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रही है। साथ ही, यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और देश की नागरिक उड्डयन प्रणाली की सुरक्षा व अखंडता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अथॉरिटी ने यह भी बताया है कि एयरपोर्ट पर कामकाज फिर से शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य हो गया है।

बता दें कि सऊदी में बुधवार देर रात एयरपोर्ट और तेल ठिकानों पर जबरदस्त हमले किए गए थे। दम्माम, फारस की खाड़ी के तट पर स्थित है। यह बहरीन और कतर के नजदीक है।

वहीं, सऊदी की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी अरामको के तेल ठिकाने पर ड्रोन हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की मौत हो गई। इस हमले में एक भारतीय समेत 2 लोग घायल हुए। बढ़ते हमलों के बीच अमेरिका ने अपने कुछ राजनयिकों और सरकारी कर्मचारियों को परिवारों के साथ सऊदी अरब छोड़ने को कह दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Oct 2026 2:15 PM IST

Tags

Next Story