सऊदी के दो शहरों जाजान और यानबू पर मंडराया खतरा, सिविल डिफेंस ने तीन बार जारी किया अलर्ट
रियाद, 25 जुलाई (आईएएनएस)। सऊदी के दो शहरों जाजान और यानबू पर खतरा मंडरा रहा है। सिविल डिफेंस ने इसे लेकर अलर्ट जारी किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रवार रात से ही पोस्ट्स अपडेट की जा रही हैं। शनिवार सुबह तीन पोस्ट्स के जरिए पहले खतरे को लेकर सतर्क किया गया, फिर सब कुछ सामान्य होने की सूचना दी गई। हालिया पोस्ट में यानबू को लेकर सचेत किया गया है। यह बंदरगाह शहर व्यावसायिक दृष्टि से काफी अहम है।
यानबू पश्चिमी सऊदी अरब के मदीना प्रांत में लाल सागर तट पर स्थित एक औद्योगिक शहर है। लाल सागर पर जिद्दा के बाद यह दूसरा सबसे बड़ा बंदरगाह है। बेहद खूबसूरत द्वीप पर्यटन का मुख्य केंद्र है। स्कूबा डाइविंग, कोरल रीफ्स और समुद्री गतिविधियों के लिए काफी पसंद किया जाता है, यही कारण है कि यमन से बढ़ती तल्खी के बीच इस क्षेत्र को लेकर सऊदी काफी फिक्रमंद है।
बिगड़ते हालात के मद्देनजर चेतावनी जारी की गई। दोनों ओर से मिसाइल और ड्रोन हमले जारी हैं। यमन ने जिजान औद्योगिक शहर के एक अहम केंद्र और अरामको से जुड़ी तेल प्रतिष्ठान को भी निशाना बनाया। हमलों के बाद कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन के हुदैदाह में हूती विद्रोहियों के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए। दरअसल, इससे पहले लाल सागर में सऊदी से जुड़े जहाजों को हूती विद्रोहियों ने निशाना बनाया था। सऊदी अरब के दो टैंकरों पर हमला किया था, जिसके जवाब में ये हमले किए गए। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल मल्की ने एक्स पर इसकी पुष्टि की। बताया, "हमने होदैदाह प्रांत में आतंकवादी हूती मिलिशिया के वैध सैन्य ठिकानों के खिलाफ उचित सैन्य जवाबी कार्रवाई की।"
इसी हफ्ते सोमवार को हूती विद्रोहियों ने कहा था कि वह लाल सागर में सऊदी अरब के खिलाफ नाकेबंदी करेंगे। इसके बाद सऊदी अरब ने सख्त जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
शनिवार को, सिविल डिफेंस ने 'राष्ट्रीय आपातकालीन प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली' के तहत नागरिकों और प्रवासियों के लिए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए। विभाग ने कहा कि यदि किसी के मोबाइल पर चेतावनी संदेश प्राप्त हो, तो वह शांत रहे और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करे। लोगों को तुरंत किसी सुरक्षित भवन के अंदर या खिड़कियों से दूर स्थित कमरे में जाने और आधिकारिक रूप से खतरा समाप्त होने तक वहीं रहने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने लोगों से घर या भवन से बाहर नहीं निकलने, खुले स्थानों, खिड़कियों, कांच, बालकनियों और छतों से दूर रहने को कहा है। यदि कोई व्यक्ति बाहर हो तो उसे निकटतम भवन में शरण लेने या किसी मजबूत अवरोध के पीछे सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है। वाहन चला रहे लोगों को चेतावनी मिलने पर पुलों और ऊंची इमारतों से दूर सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकने के लिए कहा गया है।
विभाग ने लोगों से केवल सरकारी और आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 July 2026 12:39 PM IST












