आईपीओ के जीएमपी पर सेबी की सख्त चेतावनी, कहा- इसे लिस्टिंग प्राइस या मुनाफे का संकेतक न मानें

आईपीओ के जीएमपी पर सेबी की सख्त चेतावनी, कहा- इसे लिस्टिंग प्राइस या मुनाफे का संकेतक न मानें
सेबी यानी भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एसईबीआई) ने आईपीओ में निवेश करने वाले निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ग्रे मार्केट प्रीमियम (जीएमपी) पूरी तरह अनौपचारिक, अप्रमाणित और अनियमित व्यवस्था है। नियामक ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे जीएमपी को किसी आईपीओ के संभावित लिस्टिंग प्राइस या संभावित मुनाफे का भरोसेमंद संकेतक न मानें और इससे जुड़े किसी भी लेन-देन से दूर रहें।

मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। सेबी यानी भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एसईबीआई) ने आईपीओ में निवेश करने वाले निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि ग्रे मार्केट प्रीमियम (जीएमपी) पूरी तरह अनौपचारिक, अप्रमाणित और अनियमित व्यवस्था है। नियामक ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे जीएमपी को किसी आईपीओ के संभावित लिस्टिंग प्राइस या संभावित मुनाफे का भरोसेमंद संकेतक न मानें और इससे जुड़े किसी भी लेन-देन से दूर रहें।

सेबी ने एक बयान में कहा, "उसके संज्ञान में आया है कि आने वाले आईपीओ से जुड़े जीएमपी के आंकड़े विभिन्न वेबसाइटों, डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया चैनलों और कुछ बाजार सहभागियों द्वारा बड़े पैमाने पर प्रकाशित किए जा रहे हैं। इन आंकड़ों को अक्सर इस तरह प्रस्तुत किया जाता है मानो वे शेयर की लिस्टिंग कीमत या निवेशकों को मिलने वाले संभावित रिटर्न का संकेत दे रहे हों। यह प्रवृत्ति निवेशकों को गुमराह कर सकती है और पूंजी बाजार में पारदर्शिता तथा जवाबदेही के सिद्धांतों के विपरीत है।"

सेबी ने स्पष्ट किया कि ग्रे मार्केट में होने वाले लेन-देन मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों के ढांचे के बाहर किए जाते हैं। इन पर किसी प्रकार की रेगुलेटरी निगरानी नहीं होती, निवेशकों को कोई सेटलमेंट गारंटी नहीं मिलती और न ही कोई निवेशक सुरक्षा तंत्र उपलब्ध होता है।

इसके अलावा, इन सौदों में औपचारिक मूल्य खोज की प्रक्रिया का भी पालन नहीं किया जाता। ऐसे में जीएमपी के आधार पर निवेश निर्णय लेना जोखिम भरा हो सकता है।

निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए सेबी ने सभी सेबी-पंजीकृत इंटरमीडियरीज और बाजार सहभागियों को निर्देश दिया है कि वे अपनी वेबसाइट, ईमेल, एसएमएस, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या किसी भी अन्य संचार माध्यम के जरिए जीएमपी का प्रकाशन, प्रदर्शन या प्रसारण न करें।

नियामक ने कहा है कि बाजार में सही और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराना सभी पंजीकृत संस्थाओं की जिम्मेदारी है।

सेबी ने निवेशकों को तीन प्रमुख सलाह भी दी हैं। पहली, जीएमपी को किसी शेयर के लिस्टिंग मूल्य या अपेक्षित रिटर्न का संकेतक न मानें। दूसरी, जीएमपी से जुड़े किसी भी अनौपचारिक लेन-देन में भाग न लें क्योंकि वे रेगुलेटरी ढांचे से पूरी तरह बाहर हैं। तीसरी, आईपीओ में निवेश या संबंधित सभी गतिविधियां केवल सेबी-पंजीकृत इंटरमीडियरी और अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही करें।

नियामक ने यह भी आगाह किया है कि यदि जीएमपी से जुड़े किसी लेन-देन में विवाद उत्पन्न होता है, तो निवेशकों को किसी प्रकार की नियामकीय सहायता नहीं मिलेगी। ऐसे मामलों में न तो स्टॉक एक्सचेंजों की निवेशक शिकायत निवारण प्रणाली उपलब्ध होगी और न ही एक्सचेंज या डिपॉजिटरी द्वारा संचालित ऑनलाइन विवाद निपटान (ओडीआर) व्यवस्था का लाभ लिया जा सकेगा।

इसके साथ ही सेबी ने निवेशकों को व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर सक्रिय ठगों से भी सावधान रहने को कहा है।

नियामक के अनुसार, कुछ लोग स्वयं को सेबी-पंजीकृत इंटरमीडियरी बताकर निवेशकों को 'इंस्टीट्यूशनल ट्रेड', 'गारंटीड रिटर्न' या विदेशी बाजारों में नुकसान की भरपाई जैसे झूठे वादों का लालच देते हैं। इसके बाद निवेशकों को फर्जी ऐप्स और अनधिकृत प्लेटफॉर्म पर भेजकर उनके पैसे अनरजिस्टर्ड संस्थाओं के खातों में ट्रांसफर करवाए जाते हैं।

सेबी ने निवेशकों को सलाह दी है कि किसी भी निवेश से पहले संबंधित संस्था का रजिस्ट्रेशन स्टेटस सत्यापित करें, गारंटीड रिटर्न के दावों पर भरोसा न करें, बैंक खाते और यूपीआई डिटेल्स की जांच करें तथा अनजान लोगों द्वारा भेजे गए निवेश संबंधी सोशल मीडिया ग्रुप्स से दूरी बनाए रखें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story