सीलमपुर में ई-रिक्शा यात्री से ब्लेड दिखाकर लूट, पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। सीलमपुर पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर ई रिक्शा यात्री से लूट के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पर्स और वारदात में इस्तेमाल ब्लेड बरामद किया है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि 24 फरवरी की सुबह करीब 11:50 बजे वारदात की सूचना मिली थी। लोनी, गाजियाबाद निवासी शिकायतकर्ता सहजाद (26) ने बताया कि वह 66-फुटा रोड से ब्रह्मपुरी की ओर ई-रिक्शा से जा रहा था। इसी दौरान साथ बैठे तीन युवकों ने उसे ब्लेड दिखाकर धमकाया और उसका पर्स लूट लिया। पर्स में 2,900 रुपए और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। चोरी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सीलमपुर थाने में बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इंस्पेक्टर नरपाल सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय सूत्रों से जानकारी जुटाई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों, न्यू सीलमपुर निवासी दानिश उर्फ दत्तू (28) और शराफत उर्फ छोटा (30) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने उनके पास से वारदात में इस्तेमाल ब्लेड, पीड़ित के दस्तावेजों सहित लूटा गया वॉलेट और लूटी गई नगदी का कुछ हिस्सा बरामद किया है। सत्यापन में सामने आया कि दानिश पहले चोरी के 14 मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि शराफत हत्या के प्रयास और लूट के दो मामलों में वांछित रहा है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दानिश और शराफत के बयान के आधार पर पुलिस तलाश कर रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी पहले भी कई वारदात में शामिल थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Feb 2026 12:35 PM IST












