अमृतसर सीमा पार से हथियार और ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर  सीमा पार से हथियार और ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने सीमा पार से होने वाली अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। इस मामले में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अमृतसर, 23 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने सीमा पार से होने वाली अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के एक नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। इस मामले में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से छह आधुनिक पिस्तौल, एक किलो हेरोइन, एक किलो अफीम और ड्रग्स की बिक्री से मिले 10 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।

पंजाब पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह कार्रवाई अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस की एक बड़ी सफलता है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे। यह हैंडलर अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी को अंजाम देने में मदद कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क के जरिए अवैध हथियार और ड्रग्स पंजाब में पहुंचाए जाते थे, जिन्हें आगे आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाने की योजना थी। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

इस मामले में अमृतसर के छेहरटा और कैंटोनमेंट पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान विदेश में बैठे हैंडलर और उसके स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए सीमापार से होने वाली तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 4:34 PM IST

Tags

Next Story