मजार-ए-शुहादा जाने से रोकने पर भड़के उमर अब्दुल्ला, बोले- 'पढ़ना चाहिए था इतिहास', भाजपा के नोटिस पर भी दिया जवाब
श्रीनगर, 13 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेताओं को 'मजार-ए-शुहादा' जाने से रोके जाने पर ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि यह दुख की बात है कि जिन लोगों ने जुल्म के खिलाफ और जम्मू-कश्मीर की गरिमा की रक्षा के लिए लड़ाई लड़ी, आज हमें उन्हें श्रद्धांजलि देने की इजाजत नहीं है। इसके साथ ही, उमर अब्दुल्ला ने भाजपा के कानूनी नोटिस पर भी प्रतिक्रिया दी।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह फैसला लिया गया कि शहीद मजार को बंद कर दिया जाए। शहीद मजार को बंद करने का फैसला लेने वालों को जम्मू-कश्मीर का इतिहास पढ़ना चाहिए था।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इस लड़ाई को सिर्फ मजहब की तराजू में तोला जा रहा है। यह कोई धार्मिक युद्ध नहीं था, बल्कि लोकतंत्र और अंग्रेजों से आजादी की रक्षा के लिए लड़ी गई लड़ाई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज नहीं तो कल हम वहां जाएंगे पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और फातिहा पढ़ेंगे।
भाजपा की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस पर उमर अब्दुल्ला ने कहा, "मैं इसे बहुत सम्मान की बात मानता हूं, क्योंकि मैं ही एकमात्र राजनेता हूं जिसे यह नोटिस मिला है। मैं इसे सम्मान का प्रतीक मानता हूं। मैं एक ऐसी राजनीतिक ताकत हूं, जिसे वे नजरअंदाज नहीं कर सकते।"
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जिस तरह से राजनीतिक लड़ाई लड़ती है, यह उसका भी एक प्रतीक है। मैंने एक राजनीतिक मंच पर अपनी बात रखी थी और उम्मीद थी कि भाजपा राजनीतिक रूप से जवाब देगी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। उन्होंने दिखा दिया है कि वे कोर्ट की आड़ लेंगे। उमर अब्दुल्ला ने आगे कहा, "हम भी नेशनल कॉन्फ्रेंस पर आरोप लगाने वाले भाजपा नेताओं को कानूनी नोटिस भेजना शुरू करेंगे।"
बता दें कि उमर अब्दुल्ला ने एक सार्वजनिक सभा में भाजपा पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को तोड़ने और सरकार गिराने की कोशिश के आरोप लगाए थे। भाजपा ने इसके सबूत मांगे हैं। इसके साथ ही, कानूनी नोटिस भेजते हुए 100 करोड़ रुपए के मानहानि मुकदमे की चेतावनी दी है।
इस दौरान, दिल्ली के जंतर-मंतर पर रैली की अनुमति को लेकर उमर अब्दुल्ला ने कहा, "हम दिल्ली पुलिस के नोटिस और जवाब का इंतजार कर रहे हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2026 3:01 PM IST












