‘शीशे के घर में रहने वाले दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं चलाते’, कांग्रेस पर बरसे शाहनवाज हुसैन
पटना, 23 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि शीशे के घर में रहने वाले दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं चलाते हैं।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "शीशे के घर में रहने वाले दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं चलाते। कांग्रेस ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दी हैं। माओवादियों और नक्सलियों जैसी हरकतें अब कांग्रेस कर रही है।"
उन्होंने आरोप लगाया, "भाजपा कार्यालय के बाहर पहले भी विरोध-प्रदर्शन हुए हैं, लेकिन हमने कभी पेशेवर गुंडे नहीं बुलाए और न ही पत्थर जमा किए। कांग्रेस ने कथित तौर पर ट्रकों में भरकर पत्थर मंगवाए थे और सोची-समझी साजिश के तहत लाठी-डंडे लेकर लोगों को बुलाया था।"
शाहनवाज हुसैन ने चेतावनी देते हुए कहा, "कांग्रेस नेताओं को पता होना चाहिए कि उन्होंने जो हरकतें की हैं, उनका कड़ा जवाब दिया जाएगा। पुलिस को सारी फुटेज दे दी गई हैं और कार्रवाई होगी।"
हुसैन ने पेपर लीक मामलों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के बयान का स्वागत किया। शाहनवाज हुसैन ने कहा, "प्रधानमंत्री ने देश के छात्रों और युवाओं को एक सीधा संदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि पेपर लीक की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और इसमें शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे।"
उन्होंने कहा कि कुछ विपक्षी दल आंदोलन के कंधे पर सवार होना चाहते हैं। मुद्दाविहीन विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। पीएम मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि बच्चों के भविष्य से बढ़कर कुछ भी नहीं है।
शाहनवाज हुसैन ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा, "नीट पेपर दोबारा सफल रहा है, लेकिन विपक्ष जिस तरह की हरकतें कर रहा है, वह मर्यादा की सीमा लांघ रहा है। सरकार वार्ता के लिए तैयार है, लेकिन अगर वार्ता हुई तो विपक्ष की पोल खुल जाएगी। उनके राज्यों में कितने पेपर लीक हुए, यह भी सामने लाया जाएगा।"
इसके साथ ही शाहनवाज हुसैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा देश के युवाओं की फिक्र की है और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन-रात जुटे रहते हैं। पेपर लीक मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन और दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलाने का ऐलान ऐतिहासिक है। यह जाहिर करता है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मोदी सरकार का संकल्प अडिग है। विपक्ष छात्रों की आड़ में राजनीतिक रोटी सेंकने की कोशिश बंद करे। ये वक्त उन्हें भड़काने का नहीं बल्कि दलीय राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों के हित में मिलकर फैसले लेने का है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 July 2026 4:55 PM IST












