शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का सवाल ही नहीं, बिहार में पेपर लीक रोकने के लिए आएगा 'गुंडा एक्ट' श्याम रजक
पटना, 21 जुलाई (आईएएनएस)। जेडीयू के विधायक श्याम रजक और भाजपा बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राम मंदिर चढ़ावा मामले, पेपर लीक, जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन, कांग्रेस और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव सहित कई विषयों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जेडीयू विधायक श्याम रजक ने कहा कि इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में गड़बड़ियां सामने आई हैं, सरकार उनकी गंभीरता से जांच करा रही है और कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने लोगों से जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने की अपील की।
पेपर लीक की घटनाओं पर रजक ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाज और युवाओं के भविष्य के साथ सबसे बड़ा अपराध है। सरकार इस तरह के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उनके अनुसार, कड़े कानूनों के बावजूद कुछ लोग ऐसी गतिविधियों में शामिल रहते हैं, इसलिए ऐसे अपराधों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए बिहार सरकार 'गुंडा एक्ट' लाने का निर्णय कर रही है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा एक आईपीएस अधिकारी की अगुवाई में नई विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश पर जदयू विधायक श्याम रजक ने कहा कि उनकी पार्टी और राज्य सरकार न्यायपालिका के हर आदेश का सम्मान करती है।
उन्होंने कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन करेगी। न्यायपालिका से ऊपर कोई नहीं है और अदालत के आदेशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, लेकिन उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। उन्होंने कहा कि यदि कोई मुद्दा है तो उसे संसद में उठाया जाना चाहिए, केवल बयानबाजी या शोर-शराबा करना उचित नहीं है। केंद्र सरकार की नीतियों से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सरावगी ने कहा कि भाजपा हर चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ती है, चाहे वह नगर निगम के पार्षद का चुनाव हो या विधानसभा का उपचुनाव। जंतर-मंतर पर विपक्ष के प्रदर्शन पर उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का मुख्य उद्देश्य केवल हंगामा करना है, जबकि सरकार अपने काम और विकास के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 July 2026 11:56 AM IST












