शिक्षक नई पीढ़ी और राष्ट्र के वास्तविक निर्माता डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

शिक्षक नई पीढ़ी और राष्ट्र के वास्तविक निर्माता डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का काम नहीं करते, बल्कि नई पीढ़ी के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माण करते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता हैं और उनके सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।

लखनऊ, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का काम नहीं करते, बल्कि नई पीढ़ी के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माण करते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता हैं और उनके सम्मान एवं हितों की रक्षा के लिए प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।

लखनऊ में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के वार्षिक अधिवेशन समारोह को संबोधित करते हुए पाठक ने देश के विभिन्न प्रांतों से आए शिक्षकों का स्वागत किया और अधिवेशन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार उसकी शिक्षा व्यवस्था होती है और इस व्यवस्था की सबसे मजबूत कड़ी शिक्षक हैं। शिक्षक बच्चों को केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। वे विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का निर्माण करते हैं। ऐसे में शिक्षकों का सम्मान और उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, “आप सभी शिक्षकगण भविष्य के निर्माता हैं। आप बच्चों को उनके भावी जीवन के लिए तैयार करते हैं। मैं सरकार की ओर से आपको विश्वास दिलाता हूं कि हर परिस्थिति में हम आपके साथ खड़े हैं।”

उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पाठक ने कहा कि नया उत्तर प्रदेश विकास के नए पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में देश का सर्वाधिक एक्सप्रेसवे नेटवर्क तैयार हुआ है और सभी 75 जिलों में विकास की विभिन्न परियोजनाएं संचालित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश का वातावरण मजबूत हुआ है और दुनिया भर के निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। हवाई अड्डों की संख्या और हवाई कनेक्टिविटी में भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। एक समय प्रदेश में माफिया और अपराध का बोलबाला था, जबकि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, जिससे आम नागरिक के मन में सुरक्षा और विश्वास का भाव मजबूत हुआ है।

भाजपा की राजनीति को लेकर पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता से जाति और धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि विकास और जनकल्याण के कार्यों के आधार पर समर्थन मांगती है। भाजपा की राजनीति का आधार सुशासन, विकास और राष्ट्रहित है। उन्होंने विपक्षी दलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिनके कार्यकाल में विकास के नाम पर कोई ठोस उपलब्धि नहीं रही, वे आज जनता के सामने किस उपलब्धि के साथ जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और सुरक्षित वातावरण को अनुभव कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था और विकसित भारत के मजबूत आधार के रूप में स्थापित करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Oct 2026 10:21 PM IST

Tags

Next Story