श्रिया पिलगांवकर ने पिता सचिन की फिल्म के लिए रखी थी शर्त, 'कोण होणार करोडपती' में किया खुलासा

श्रिया पिलगांवकर ने पिता सचिन की फिल्म के लिए रखी थी शर्त, कोण होणार करोडपती में किया खुलासा
फिल्ममेकर सचिन पिलगांवकर हाल ही में क्विज शो 'कोण होणार करोडपती' में गेस्ट के तौर पर गए थे। इस दौरान उन्होंने शो की होस्ट और अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को बेटी, अभिनेत्री श्रिया पिलगांवकर की पहली फिल्म का किस्सा सुनाया।

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर सचिन पिलगांवकर हाल ही में क्विज शो 'कोण होणार करोडपती' में गेस्ट के तौर पर गए थे। इस दौरान उन्होंने शो की होस्ट और अभिनेत्री माधुरी दीक्षित को बेटी, अभिनेत्री श्रिया पिलगांवकर की पहली फिल्म का किस्सा सुनाया।

शो में अभिनेता ने श्रिया के दस मिनट के नाटक का किस्सा याद किया, जिसे देखने के लिए अभिनेत्री ने अपने माता-पिता सचिन और सुप्रिया पिलगांवकर को बुलाया था।

उस पल को याद करते हुए सचिन ने कहा, "पहली बार जब मैंने श्रिया को परफॉर्म करते देखा, तो उसका पहला सीन देखकर मुझे लगा कि उसमें कुछ बात है। घर लौटते वक्त मैंने उससे कहा, 'श्रिया, मुझे एक फिल्म बनाने का मन कर रहा है और मैं चाहता हूं कि तुम उसमें एक्टिंग करो।' यह ख्याल मुझे सिर्फ उसका काम देखने के बाद ही आया था। उससे पहले मेरे मन में ऐसा कभी नहीं आया था।"

अभिनेता ने बताया कि श्रिया ने ऑफर को तुरंत 'हां' करने के बजाय, पहले स्क्रिप्ट पढ़ने के लिए कहा। उन्होंने कहा, "उसने मुझसे कहा कि पहले मुझे स्क्रिप्ट दो, मैं उसे पढ़कर बताऊंगी। उसकी बात सुनकर मैं चुप हो गया। मैंने सोचा, 'आखिर वह मेरी बेटी है' उसने स्क्रिप्ट पढ़ी, उसे पसंद आई और फिल्म की। अपनी पहली ही फिल्म के लिए उसे कई अवॉर्ड मिले। उसके बाद, उसने अपना खुद का रास्ता बनाया, इंडस्ट्री में खुद की जगह बनाई।"

सचिन जिस फिल्म की बात कर रहे थे, वह थी 'एकुलती एक', जो 2013 में रिलीज हुई एक मराठी ड्रामा फिल्म थी, जिसे सचिन ने ही लिखा, डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया था।

यह फिल्म एक मशहूर पार्श्व गायक अरुण देशपांडे की कहानी है, जो 18 साल पहले अपने संगीत करियर को प्राथमिकता देने के लिए अपनी पत्नी नंदिनी और बेटी स्वरा से अलग हो गए थे। सालों बाद, उनकी युवा बेटी स्वरा अपने पिता को जानने और उनके दिल में जगह बनाने के लिए मुंबई आती है। अरुण के सेक्रेटरी मेहता अंकल की मदद से स्वरा उनके घर में रुकती है। फिल्म में बाप-बेटी के बीच के जज्बातों, तकरार और एक टूटे हुए परिवार के फिर से जुड़ने की बेहद भावुक कहानी दिखाई गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story