शुभमन गिल अंडर-19 वर्ल्ड कप में बिखेरा जलवा, फिर वनडे में दोहरा शतक लगाकर रचा इतिहास

शुभमन गिल अंडर-19 वर्ल्ड कप में बिखेरा जलवा, फिर वनडे में दोहरा शतक लगाकर रचा इतिहास
भारतीय क्रिकेट के प्रमुख बल्लेबाजों में शुमार शुभमन गिल शानदार तकनीक, बेहतरीन टाइमिंग और धैर्य उनकी बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई यादगार पारियां खेली हैं। गिल की निरंतरता और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने की क्षमता ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का महत्वपूर्ण सितारा बनाया है।

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट के प्रमुख बल्लेबाजों में शुमार शुभमन गिल शानदार तकनीक, बेहतरीन टाइमिंग और धैर्य उनकी बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई यादगार पारियां खेली हैं। गिल की निरंतरता और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने की क्षमता ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का महत्वपूर्ण सितारा बनाया है।

8 सितंबर 1999 को फाजिल्का (पंजाब) में जन्मे गिल को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था। वह अक्सर अपनी उम्र से बड़े खिलाड़ियों के साथ खेला करते थे। साल 2014 में उन्होंने पंजाब के इंटर-डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 टूर्नामेंट में 351 रन बनाए और निर्मल सिंह के साथ 587 रनों की रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने विजय मर्चेंट ट्रॉफी के दौरान अंडर-16 स्टेट डेब्यू में नाबाद 'दोहरा शतक' लगाया।

गिल ने साल 2017 के आखिर में रणजी ट्रॉफी में पंजाब के लिए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू करते हुए पहले ही मैच में अर्धशतक लगाया। अगले मैच में उनके बल्ले से 129 रन निकले। शानदार प्रदर्शन की बदौलत अगले ही साल उन्हें अंडर-19 वर्ल्ड कप 2018 के लिए टीम का उप कप्तान चुना गया।

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2018 में गिल ने 6 मुकाबलों की 5 पारियों में 124 की औसत के साथ 372 रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुने गए थे। उन्होंने सेमीफाइनल मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 94 गेंदों में 7 चौकों के साथ 102 रन की नाबाद पारी खेली थी।

दाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज शुभमन गिल टीम को तेज शुरुआत दिलाने के लिए मशहूर हुए। उन्हें आईपीएल 2018 के लिए नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 1.8 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा था। पहले ही सीजन गिल ने 13 मुकाबलों में 33.83 की औसत के साथ 203 रन बनाए।

गिल को साल 2019 में वनडे डेब्यू का मौका मिला, जिसके बाद दिसंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 45 और 35 रन बनाए। इसी सीरीज के दौरान उन्होंने सिडनी में अर्धशतक लगाने के बाद गाबा में भारत की रोमांचक जीत में 91 रन की शानदार पारी खेली थी।

महज 23 साल की उम्र में गिल वनडे फॉर्मेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने, जिन्होंने न्यूजीलैंड के विरुद्ध 149 गेंदों में 208 रन की पारी खेली।

आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस ने इस खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ा। हार्दिक पंड्या के जाने के बाद गिल को फ्रेंचाइजी का कप्तान नियुक्त किया गया। साल 2024 में उन्हें भारतीय टीम का टी20 कप्तान चुना गया। इसके बाद रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से रिटायर होने के बाद उन्हें साल 2025 के इंग्लैंड दौरे के लिए भारत का कप्तान भी नियुक्त किया गया। इसी साल अक्टूबर में उन्हें टीम इंडिया की वनडे कमान भी सौंपी गई।

शुभमन गिल भारत के लिए 43 टेस्ट मुकाबलों में 43.47 की औसत के साथ 3,043 रन बना चुके हैं। इसमें 11 शतक और 9 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, 67 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 9 शतक और 20 अर्धशतक के साथ 3,379 रन बना चुके हैं। वहीं, 36 टी20 मुकाबलों में उनके बल्ले से 869 रन निकले हैं, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Sept 2026 7:49 PM IST

Tags

Next Story