सिनेमाई इतिहास रचने को तैयार नागार्जुन, तब्बू के साथ शुरू की करियर की 100वीं फिल्म
मुंबई, 27 अप्रैल (आईएएनएस) अभिनेत्री तब्बू और साउथ सिनेमा के सुपरस्टार नागार्जुन लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे है। दोनों कलाकार फिल्म 'किंग100' में नजर आएंगे। यह प्रोजेक्ट नागार्जुन के '100वीं' फिल्म होगी।
सोमवार को अभिनेत्री तब्बू ने खुद इंस्टाग्राम के जरिए इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की। शेयर की गई तस्वीर में फिल्म का क्लैपरबोर्ड एक आलीशान और शाही काली कुर्सी पर रखा हुआ नजर आ रहा है। अभिनेत्री ने लिखा, "और, हमने किंग 100 के लिए नागार्जुन और अन्नपूर्णा स्टूडियोज के साथ शुरुआत कर दी है।"
नागार्जुन की 100वीं फिल्म होने के कारण यह उनके करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्म होने वाली है। इस फिल्म का निर्माण उनके अपने प्रोडक्शन हाउस 'अन्नपूर्णा स्टूडियोज' के तहत किया जा रहा है। फिल्म को तेलुगु, तमिल और हिंदी सहित कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
रा. कार्तिक द्वारा निर्देशित फिल्म 'किंग100' एक एक्शन-फैमिली ड्रामा होगी। जैसे-जैसे शूटिंग आगे बढ़ेगी, कास्ट और क्रू के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
तब्बू और नागार्जुन की केमिस्ट्री हमेशा से ही चर्चा का विषय रही है। दोनों साथ में पहली बार 1996 की रोमांटिक फिल्म 'निन्ने पेल्लादता' में एक साथ नजर आए थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट साबित हुई थी। साथ ही, इसने तेलुगु में 'सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म' का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था।
इसके बाद, ये दोनों 1998 में आई कॉमेडी फिल्म 'आविडा मा आविषे' में एक साथ नजर आए। यह फिल्म 1940 की अमेरिकी फिल्म 'माई फेवरेट वाइफ' से प्रेरित है। फिल्म की कहानी विक्रंथ (नागार्जुन) और अर्चना (तब्बू) के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में दोनों शादी करते हैं, लेकिन बाद में उनके बीच अनबन शुरू हो जाती है।
दोनों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी को दर्शकों ने हमेशा भरपूर प्यार दिया है। सालों बाद उन्हें एक साथ देखना फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 April 2026 11:10 PM IST












