सिवान हत्याकांड मुख्य आरोपी सोनू यादव मुठभेड़ में ढेर, पिता ने पुलिस कार्रवाई को ठहराया गलत
सिवान, 3 मई (आईएएनएस)। बिहार पुलिस ने सिवान हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया है। उस पर 25,000 रुपए का इनाम घोषित था और सिवान में हत्या की वारदात के बाद से फरार था। हालांकि, सोनू यादव के परिवार ने इस एनकाउटंर को गलत ठहराया है।
अधिकारियों ने बताया कि सिवान में सुबह करीब 4 बजे एक मुठभेड़ हुई। भाजपा नेता मनोज सिंह के रिश्तेदारों पर गोलीबारी के मामले में आरोपी सोनू यादव पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई गोलीबारी में मारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि सोनू ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की थी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। आरोपी को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया था। बाद में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई घटना के 10 दिनों के भीतर की गई।
इस घटना के संबंध में सोनू यादव के पिता ने एक बयान दिया है। सोनू यादव के पिता ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "हमें नहीं पता कि सोनू के खिलाफ पहले भी कोई मुकदमा दर्ज था। मैं राज्य के बाहर मजदूरी का काम करता हूं। चौकीदार ने बताया कि तुम्हारा बेटा मर गया है। उन्होंने हमसे कागजों पर दस्तखत करवाए और फिर हमें चले जाने को कहा। हम अस्पताल अपने बेटे का शव लेने आए हैं।"
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को गलत ठहराया। सोनू यादव के पिता ने कहा, "पुलिस ने जो किया वह गलत था। वह मेरा इकलौता बेटा था।"
वहीं, सोनू यादव के एक रिश्तेदार ने बताया कि तकरीबन सुबह 6 बजे पुलिस थाने से फोन आया था। उन्होंने हमें एनकाउंटर की सूचना दी। वह परिवार का इकलौता बेटा था।
बता दें कि इस घटना में एक अन्य आरोपी छोटू यादव को पुलिस ने दो दिन पहले ही एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
करीब तीन दिन पहले भाजपा नेता के रिश्तेदारों पर हमला हुआ था। पुलिस के अनुसार, रिश्तेदार चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष कुमार सिंह के साथ तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में मामूली विवाद में उन्हें गोली मार दी गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 May 2026 11:35 AM IST












