एनडीए के नेताओं ने सीवान एनकाउंटर को सही ठहराया, कहा-बिहार में अपराधियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई
पटना, 3 मई (आईएएनएस)। बिहार के सीवान में हुए एनकाउंटर के बाद राज्य की राजनीति में कानून-व्यवस्था को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। केंद्र से लेकर राज्य स्तर तक के नेताओं ने सख्त कार्रवाई का समर्थन करते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़े संदेश दिए हैं।
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "अपराधियों पर सम्राट की पराक्रमी सेना का क़हर जारी। चुन-चुन कर ज़मींदोज़ किए जा रहें हैं अपराधी। कहा था ना सबका हिसाब होगा। या तो सुधर जाइए या बिहार छोड़ दिजिए। “हर अपराध का बदला लेगें बिहार के सम्राट चौधरी।"
सीवान एनकाउंटर पर भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने कहा, "बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संकेत दिया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर कोई अपराधी प्रशासन को चुनौती देता है, तो प्रशासन उसे नहीं छोड़ेगा।"
सीवान एनकाउंटर पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, "अगर कोई व्यक्ति निजी संबंधों या प्रभाव के चलते पुलिस पर हमला करता है, तो पुलिस के पास आत्मरक्षा में कार्रवाई करने का कानूनी अधिकार है। हत्या, लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में, यदि कोई आरोपी पुलिस को चुनौती देता है, तो उसे आत्मरक्षा के अधिकार के तहत कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।"
उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहले ही साफ कर दिया था कि प्रदेश में अपराध करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा, जो भी अपराधी हैं, उन पर जल्द से जल्द कार्रवाई होगी। बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार कम हो रहा है।
सीवान एनकाउंटर पर पूर्व मंत्री और जेडीयू विधानमंडल दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा, "बिहार में ऐसी घटनाएं पहले भी होती रही हैं। तब भी कानून का राज था और अब भी कानून का राज है। कानून के राज के तहत, अगर कोई अपराध करता है, नुकसान पहुँचाता है, या जान-माल लूटने की कोशिश करता है, या कानून को अपने हाथ में लेता है, तो ऐसे व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ठीक वैसे ही जैसे पहले होता था, और अब तो और भी सख्ती से काम होगा।"
बता दें कि पिछले दिनों बिहार के सीवान जिले में पुलिस ने हर्ष सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोनू यादव को एनकाउंटर में मार गिराया था। सोनू यादव सीवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव का रहने वाला था और हर्ष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 May 2026 12:46 PM IST












