छत्तीसगढ़ में 50 से ज्यादा यात्रियों से भरी बस पलटी, करीब 15 घायल
जांजगीर-चांपा, 3 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब कोरबा से सरायपाली जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दुर्घटना में करीब 15 लोगों को चोटें आई हैं, जिसमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करनौद के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार बस सड़क किनारे पलट गई। बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे।
इस दुर्घटना में करीब 15 यात्रियों को चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। कई यात्रियों को बस से निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़ने पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य को तेज किया गया। लोगों की मदद से सभी घायलों को निकाला गया।
घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र बिर्रा और सीएचसी बम्हनीडीह में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। उस पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप है। पुलिस अब चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह हो सकती है। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि सभी को समय पर सही मदद मिल सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 May 2026 1:28 PM IST












