श्रीनगर ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता के लिए बड़ी रैली का आयोजन, 100 दिनों तक चलेगा कार्यक्रम
श्रीनगर, 3 मई (आईएएनएस)। श्रीनगर में ड्रग्स के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए एक बड़ी रैली का आयोजन रविवार को किया गया। जागरूकता कार्यक्रम 100 दिनों तक चलेगा। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्य घर-घर जाकर ड्रग्स के खिलाफ संदेश देने का कार्य करेंगे। रैली के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। इसमें हर आयु वर्ग के पुरुष और महिलाएं शामिल थीं।
एक स्थानीय महिला ने आईएएनएस से कहा कि आप देख सकते हैं कि यहां समाज के सभी वर्ग के लोग, बच्चे शौक से यहां इकट्ठा हुए हैं। हम ड्रग्स के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाना चाहते हैं। हम यह बताना चाहते हैं कि ड्रग्स से दूर रहना है। हम खास तौर पर बच्चों और युवाओं को यह संदेश देना चाहते हैं। मुझे लगता है कि हम अपने उद्देश्य में सफल रहेंगे।
उन्होंने कहा, "आपको पता है कि अमूमन इस तरह की रैली नहीं होती है। ड्रग्स के खिलाफ इतने बड़े स्तर पर पहली बार क्षेत्र में हुई है। हम सभी को एक दूसरे के साथ रहकर ड्रग्स को समाज से समाप्त करना है।"
एक स्थानीय पुरुष ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि हम पिछले कई वर्षों से ड्रग्स के खिलाफ काम कर रहे हैं। यह रैली काफी अहम है। बड़ी संख्या में लोग आए हैं। इतने बड़े स्तर की रैली को देखकर मुझे लगता है कि लोगों पर इसका प्रभाव पड़ेगा। लोग इस रैली के उद्देश्य को जानना चाहेंगे। बड़ी संख्या में आए लोगों के घरों में हम ड्रग्स के खिलाफ संदेश देने और जागरूकता फैलाने में कामयाब रहे हैं, जो नहीं आए हैं, हमें उन्हें संदेश पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर कई समस्याओं से निकला है, लेकिन ड्रग्स की आड़ में हमारे युवाओं को हमसे छीनने की जो कोशिश की जा रही है, उसके खिलाफ यह रैली काफी अहम है। उद्देश्य को सफल बनाने में प्रशासन के साथ ही बच्चों के माता-पिता की भी अहम भूमिका है। प्रशासन या कोई भी संस्था प्रतिदिन ऐसे कार्यक्रम और रैली नहीं कर सकती, लेकिन माता-पिता हमेशा अपने बच्चों पर नजर रख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग के लिए हम एलजी मनोज सिन्हा का भी धन्यवाद देते हैं। यह कार्यक्रम 100 दिन चलेगा। इसे रोटरी क्लब का पूरा समर्थन है।
एक अन्य स्थानीय नागरिक ने कहा कि परिवार के लोगों की बड़ी जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों की देखभाल करें और ड्रग्स से उन्हें दूर रखने का प्रयास करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 May 2026 1:39 PM IST












