विदेशी ताकतों और आर्थिक नेटवर्क से सांठगांठ कर ‘रिजीम चेंज’ की साजिश रच रहे राहुल गांधी निशिकांत दुबे
दुमका, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर विदेशी ताकतों के साथ सांठगांठ कर रिजीम चेंज के नाम पर देश को अस्थिर करने की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए हैं। झारखंड की उपराजधानी दुमका में गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि हाल के दिनों में देश की राजधानी में एक फर्जी आंदोलन खड़ा करने की कोशिश की गई है। यह दरअसल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्रिप्टोकरेंसी, बिटकॉइन और ऑनलाइन गैंबलिंग से जुड़े नेटवर्क के जरिए देश में अस्थिरता पैदा करने की साजिश का हिस्सा है।
निशिकांत दुबे ने दावा किया कि राहुल गांधी ने पिछले 10 वर्षों में करीब 270 बार विदेश यात्राएं की हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किन-किन लोगों से मिले, उनकी विदेश यात्राओं के दौरान किन लोगों से संपर्क हुआ और भारत जोड़ो यात्रा में कौन-कौन शामिल हुए, इसकी पड़ताल होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके इन संपर्कों का इस्तेमाल देश में अस्थिरता पैदा करने की साजिशों में किया जा रहा है।
उन्होंने अमेरिका में आई कांग्रेस से जुड़ी रिपोर्ट और नेविल रॉय सिंघम के नेटवर्क का भी जिक्र किया तथा बिटकॉइन, क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन गैंबलिंग से जुड़े आर्थिक तंत्र पर सवाल उठाए। भाजपा सांसद ने मौजूदा विरोध प्रदर्शनों को ‘जेन जी’ आंदोलन बताए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने हाईकोर्ट की कथित हालिया टिप्पणियों का हवाला देते हुए आंदोलन से जुड़े लोगों की उम्र और पृष्ठभूमि पर टिप्पणी की।
राहुल गांधी की उम्र का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज कसा कि केवल टी-शर्ट और जींस पहनने से कोई युवा नहीं हो जाता। उन्होंने प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव और वृंदा करात जैसे नेताओं का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि ये चेहरे लंबे समय से विभिन्न आंदोलनों में मौजूद दिखते हैं। निशिकांत दुबे ने कहा कि एआई, क्रिप्टोकरेंसी और ऑनलाइन गैंबलिंग मौजूदा दौर के महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इनसे जुड़े नेटवर्क का इस्तेमाल देश की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के लिए किया जा सकता है।
भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि इस कथित साजिश का उद्देश्य भारत में सत्ता परिवर्तन के साथ देश की सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था को कमजोर करना है। उन्होंने जाकिर नाइक, खालिस्तान समर्थक गतिविधियों से जुड़े गुरपतवंत सिंह पन्नू और अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम का जिक्र करते हुए दावा किया कि इन लोगों ने भी आंदोलन के प्रति समर्थन जताया है।
निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि विदेशी धरती से सक्रिय ऐसे तत्व भारत में धार्मिक और जातीय आधार पर विभाजन पैदा करना चाहते हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि इस कथित आंदोलन का मकसद भारत को पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका जैसी परिस्थितियों की ओर धकेलना है।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2026 2:55 PM IST












