छोटे पर्दे पर राजीव खंडेलवाल का धमाका, आम महिलाओं की कहानियों को देंगे नया मंच
मुंबई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। टेलीविजन इंडस्ट्री के पॉपुलर अभिनेता राजीव खंडेलवाल एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। अभिनेता रियलिटी गेम शो 'तुम हो ना- घर की सुपरस्टार' में होस्ट की कमान संभालते नजर आएंगे।
यह शो राजीव के लिए केवल एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनकी भावनाओं से जुड़ा एक खास सफर है।
राजीव खंडेलवाल ने अपने जीवन के सबसे इमोशनल सपोर्ट के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनकी दिवंगत मां, विजय लक्ष्मी खंडेलवाल, उनके जीवन की असली सुपरस्टार थीं।
अभिनेता ने कहा, "मेरी मां ने हमेशा पर्दे के पीछे रहकर मेरे सपनों को सच करने में मदद की है। वो मेरी जिंदगी की 'तुम हो न' थीं। वह मेरे लिए प्रेरणा का एक जरिया रहीं। जिंदगी के हर मोड़ पर वह मेरे साथ खड़ी रहीं। उन्हें कभी कुछ कहने की जरूरत नहीं पड़ी, उनका मुझ पर अटूट भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।"
राजीव ने बताया कि इस शो को होस्ट करना उनके लिए अपनी मां और दुनिया की हर उस महिला को सम्मान देने का एक तरीका है, जो अपने परिवार के लिए चट्टान की तरह मजबूत खड़ी रहती है। अभिनेता ने कहा, "यह मंच सिर्फ मेरे लिए नहीं बल्कि, उन सभी महिलाओं के लिए है, जो नि:स्वार्थ भाव से घर संभालती हैं।"
इस शो के जरिए अभिनेता का मकसद उन महिलाओं की कहानियों को दुनिया के सामने लाना है, जो घर और बाहर की तमाम जिम्मेदारियों को बड़ी ही खूबसूरती से निभाती हैं। शो के दौरान राजीव का प्रयास रहेगा कि वह हिस्सा लेने वाली महिलाओं को वही अपनापन और सम्मान महसूस कराएं, जो उन्हें उनकी मां से मिला था।
राजीव खंडेलवाल द्वारा होस्ट किया गया शो 'तुम हो ना' 28 अप्रैल को रात 9:00 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लीव पर शुरू होगा। इससे पहले अभिनेता को हिंदी लीगल-ड्रामा वेब सीरीज 'अमर विश्वास' में देखा गया था। इसमें राजीव खंडेलवाल ने एक ईमानदार वकील की मुख्य भूमिका निभाई है, जो एक प्रोड्यूसर की हत्या के मामले में फंसी महत्वाकांक्षी अभिनेत्री को बचाने के लिए सच की तलाश करते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2026 9:58 PM IST












