साउथ अफ्रीका से मुकाबले के लिए न्यूजीलैंड की महिला वनडे टीम का ऐलान, केली नाइट को मिला मौका

साउथ अफ्रीका से मुकाबले के लिए न्यूजीलैंड की महिला वनडे टीम का ऐलान, केली नाइट को मिला मौका
साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। तेज गेंदबाज केली नाइट को पहली बार एकदिवसीय टीम में जगह दी गई है। वनडे सीरीज का आगाज 29 मार्च से होना है।

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। तेज गेंदबाज केली नाइट को पहली बार एकदिवसीय टीम में जगह दी गई है। वनडे सीरीज का आगाज 29 मार्च से होना है।

केली नाइट ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 2023 अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप टीम की सदस्य रहीं नाइट को घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। सुपर स्मैश 2025-26 टूर्नामेंट में नाइट ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नॉर्दर्न ब्रेव की तरफ से 10 विकेट चटकाए थे और वह संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के बूते ही नाइट को पहले टी20 टीम में चुना गया था।

50 ओवर के फॉर्मेट में भी केली नाइट ने घरेलू स्तर पर अपने प्रदर्शन से खासा प्रभावित किया है। उन्होंने ब्रेव को अपना पहला हैलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड टाइटल दिलाने में अहम किरदार निभाया था। नाइट ने इस टूर्नामेंट में कुल 17 विकेट चटकाए थे और वह दूसरी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रही थीं। फाइनल में भी नाइट ने 2 अहम विकेट निकाले थे। हेड कोच बेन सॉयर ने केली को टीम में शामिल करने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा, "केली के पास अच्छी पेस और कंट्रोल है, और उनकी शॉर्ट गेंदें बल्लेबाजों को लगातार चैलेंज करती हैं।"

सूजी बेट्स, फ्लोरा डेवोनशायर और जॉर्जिया प्लिमर सभी चोट से उबरने के बाद टीम में लौट आई हैं। उन्हें एम्मा मैकलियोड, पॉली इंग्लिस और बेला जेम्स की जगह टीम में शामिल किया गया है। नाइट को मौली पेनफोल्ड के स्थान पर मौका दिया गया है। न्यूजीलैंड अभी साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज में 3-1 से आगे है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 25 मार्च को खेला जाना है। वनडे सीरीज की शुरुआत 29 मार्च से होगी। दूसरा मुकाबला 1 और अंतिम मैच 4 अप्रैल को खेला जाना है।

वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वॉड

अमेलिया केर (कप्तान), सूजी बेट्स, फ्लोरा डेवनशायर, इजी गेज, मैडी ग्रीन, ब्रुक हॉलिडे, ब्री इलिंग, जेस केर, केली नाइट, रोजमेरी मैयर, नेन्सी पटेल, जॉर्जिया प्लिमर, इजी शार्प।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 March 2026 9:26 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story