श्रीलंका ने दूसरे सेशन में की शानदार वापसी, डिकवेला-दिनुशा की जोड़ी बनी भारतीय गेंदबाजों के लिए सिरदर्द
गाले, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के तीसरे दिन का दूसरा सेशन पूरी तरह से श्रीलंका के नाम रहा। मेजबान टीम ने इस सेशन में कोई विकेट नहीं गंवाया।
पहले सेशन में 99 के स्कोर पर 5 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही श्रीलंकाई टीम ने दूसरे सेशन में शानदार वापसी की। सोनल दिनुशा और निरोशन डिकवेला की जोड़ी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पूरे सेशन में भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया। दूसरे सेशन में श्रीलंकाई जोड़ी ने 29 ओवर के खेल में बिना कोई विकेट गंवाए कुल 116 रन जोड़े। टी-ब्रेक तक श्रीलंका ने पहली पारी में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 214 रन लगा लिए हैं। दिनुशा 115 गेंदों का सामना करने के बाद 62 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि डिकवेला 102 गेंदों में 71 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। पहले सेशन में पूरी तरह से हावी नजर आए भारतीय गेंदबाज दूसरे सेशन में संघर्ष करते दिखाई दिए।
श्रीलंका की पारी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। निशान फर्नांडो बिना खाता खोले आउट हुए। इसके बाद दिनेश चांदीमल भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 4 रन बनाकर मानव सुथार का पहला शिकार बने। लाहिरू कुमारा ने कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन वह भी मानव की स्पिन गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाए और 27 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं, कामिंदु मेंडिस 14 रन बनाने के बाद कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हुए।
59 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका की टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। ऐसे में कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने सोनल दिनुशा के साथ पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 31 रन जोड़े, लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं चल सकी। रवींद्र जडेजा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से श्रीलंका को एक और झटका दिया। उनकी बेहतरीन स्पिन गेंद को धनंजय डी सिल्वा समझ नहीं सके और केएल राहुल को कैच थमा बैठे। इससे पहले भारत की पूरी टीम पहली पारी में 462 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Aug 2026 3:28 PM IST












