श्रीलंका ने गैरी कर्स्टन को पुरुष क्रिकेट टीम का हेड कोच बनाया
नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर गैरी कर्स्टन को पुरुष टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। बोर्ड ने सोमवार को इसकी घोषणा की। कर्स्टन 15 अप्रैल से इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। श्रीलंका क्रिकेट के साथ गैरी कर्स्टन की नियुक्ति दो साल के लिए होगी, उनका यह कार्यकाल 14 अप्रैल 2028 को खत्म होगा।
कर्स्टन की मुख्य जिम्मेदारियों में से एक आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी और कैंपेन में श्रीलंका नेशनल मेंस टीम को गाइड करना होगा। आगामी वनडे विश्व कप साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में खेला जाएगा।
साउथ अफ्रीका की ओर से गैरी कर्स्टन का अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा है। उन्होंने साल 1993 से 2004 तक टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में कुल 14,087 रन बनाए, जिसमें 21 टेस्ट सेंचुरी और 13 वनडे सेंचुरी शामिल हैं। इस दौरान कर्स्टन ने टेस्ट करियर के 101 मुकाबलों में 45.27 की औसत के साथ 7289 रन बनाए, जबकि 185 वनडे मुकाबलों में उनके बल्ले से 40.95 की औसत के साथ 6,798 रन निकले। कर्स्टन ने 221 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 16,670 रन बनाए और 294 लिस्ट-ए मुकाबलों में 36.58 की औसत के साथ 9,586 रन जुटाए।
कर्स्टन ने साल 2008 से 2011 तक भारत की पुरुष टीम के हेड कोच और 2011 से 2013 तक साउथ अफ्रीका की पुरुष टीम के हेड कोच के तौर पर काम किया है। उनकी कोचिंग में भारत ने वनडे विश्व कप खिताब अपने नाम किया था। उनके मार्गदर्शन में साउथ अफ्रीका साल 2013 में सभी फॉर्मेट में नंबर 1 रैंक वाली टीम बनी।
श्रीलंका क्रिकेट ने एक बयान में कहा, "नए हेड कोच की नियुक्ति श्रीलंका क्रिकेट की नेशनल हाई परफॉर्मेंस सेंटर के स्ट्रक्चर को बदलने की कोशिशों का हिस्सा है।"
कर्स्टन का सबसे हालिया जुड़ाव क्रिकेट नामीबिया के साथ खत्म हुए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान एक 'कंसल्टेंट' के तौर पर था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 March 2026 7:37 PM IST












