स्वास्थ्य/चिकित्सा: दिन की रोशनी में बेहतर तरीके से काम कर सकती है शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली अध्ययन

नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। एक शोध टीम ने यह पता लगाया है कि दिन का उजाला हमारे शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत को बढ़ा सकता है।
ऑकलैंड विश्वविद्यालय के वाइपापा तौमाता राऊ के वैज्ञानिकों द्वारा किए गए अध्ययन में कहा गया है यह खोज बताती है कि ऐसी दवाइयां बनाई जा सकती हैं जो हमारी रोग प्रतिरोधक प्रणाली की मदद कर सकें, खासकर एक विशेष प्रकार की सफेद रक्त कोशिकाओं को मजबूत बनाकर, जिन्हें 'न्यूट्रोफिल्स' कहा जाता है।
शोधकर्ताओं ने न्यूट्रोफिल्स पर ध्यान दिया, जो हमारे शरीर में सबसे ज्यादा पाई जाने वाली रोग प्रतिरोधक कोशिकाएं हैं। ये कोशिकाएँ संक्रमण वाले स्थान पर बहुत जल्दी पहुँचती हैं और हानिकारक बैक्टीरिया को मार देती हैं। यह खोज न्यूट्रोफिल में सर्कैडियन क्लॉक को टारगेट करके संक्रमणों से लड़ने की उनकी क्षमता को बढ़ाने वाली दवाओं के विकास का मार्ग प्रशस्त करती है।
इस शोध में वैज्ञानिकों ने ज़ीब्रा फिश नामक एक छोटी मछली का इस्तेमाल किया। यह एक मीठे पानी की मछली है और इसकी बनावट इंसानों से काफी मिलती-जुलती है। साथ ही इसके शरीर के अंदर की गतिविधियों को आसानी से देखा जा सकता है।
आणविक चिकित्सा और पैथोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर क्रिस्टोफर हॉल ने बताया कि पहले के अध्ययनों में देखा गया था कि मछलियों की रोग प्रतिरोधक शक्ति सुबह के समय सबसे ज्यादा सक्रिय रहती है। उन्हें लगता है कि यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, क्योंकि दिन के समय जीव ज्यादा सक्रिय रहते हैं और उस समय संक्रमण होने की संभावना भी ज्यादा होती है।
वैज्ञानिक यह समझना चाहते थे कि शरीर की यह प्रतिक्रिया दिन के उजाले के साथ कैसे तालमेल बनाती है।
साइंस इम्यूनोलॉजी में प्रकाशित इस नए अध्ययन में पाया गया कि न्यूट्रोफिल्स में एक जैविक घड़ी होती है, जो दिन का समय पहचानती है और बैक्टीरिया को मारने की उनकी ताकत बढ़ा देती है।
हमारे शरीर की ज्यादातर कोशिकाओं में ऐसी घड़ी होती है, जो उन्हें बताती है कि बाहर क्या समय चल रहा है। यह घड़ी दिन-रात के हिसाब से शरीर के कामों को नियंत्रित करती है। इसमें सबसे बड़ा असर रोशनी का होता है।
क्रिस्टोफ़र हॉल के अनुसार, “क्योंकि न्यूट्रोफिल्स सबसे पहले किसी संक्रमण या सूजन वाली जगह पहुँचते हैं, इसलिए यह खोज कई तरह की बीमारियों के इलाज में मददगार हो सकती है।”
अब शोधकर्ता यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि प्रकाश न्यूट्रोफिल्स की इस जैविक घड़ी को किस तरह प्रभावित करती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 May 2025 1:19 PM IST