श्रीनगर-जम्मू वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच यात्रियों ने बताया ‘आरामदायक’ सफर
श्रीनगर, 2 मई (आईएएनएस)। श्रीनगर से जम्मू तक विस्तारित वंदे भारत एक्सप्रेस के जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर नियमित संचालन शनिवार से शुरू होने के अवसर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया गया और स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई।
इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में अपने अनुभव साझा किए। एक यात्री ने बताया कि इस ट्रेन सेवा से यात्रा का समय काफी कम हो गया है।
उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे पर अक्सर ट्रैफिक जाम या अन्य कारणों से बाधाएं आती हैं, लेकिन यह ट्रेन सेवा पूरी तरह जाम-फ्री और आरामदायक है। लगभग 600 रुपये के किराए में यह सुविधा लोकल परिवहन के बराबर ही है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है। यात्री ने कहा कि यह उनका पहला अनुभव है और उन्होंने इस सेवा के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।
एक अन्य यात्री ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि यह ट्रेन सेवा केवल कटरा तक सीमित रहेगी, लेकिन इसे जम्मू तक बढ़ाए जाने से लोगों में उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पहले श्रीनगर की यात्रा काफी कठिन मानी जाती थी, लेकिन भारतीय रेलवे की इस पहल ने सफर को बेहद आसान बना दिया है।
एक अन्य यात्री ने अपने अनुभव को “खास” बताते हुए कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा करना एक वीआईपी जैसा अनुभव देता है। उन्होंने कहा कि कश्मीर के खूबसूरत नजारों के बीच ट्रेन में सफर करना अद्भुत अहसास है और यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से संभव हो पाया है। उन्होंने बताया कि यात्रा इतनी सुगम रही कि उन्हें समय का पता ही नहीं चला और पूरे सफर में कोई खास परेशानी नहीं हुई।
एक अन्य यात्री ने इसे सुरक्षित और आरामदायक यात्रा बताते हुए कहा कि यह उनका पहला अनुभव है और उन्हें यह बेहद पसंद आया। उनका मानना है कि सरकार की यह पहल आम लोगों के लिए फायदेमंद है और आने वाले समय में इसे और अधिक पहचान मिलेगी।
वहीं, एक यात्री ने कहा कि जम्मू से पहली बार इस ट्रेन में सफर करना उनके लिए खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि अब बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी और इससे कश्मीर घाटी में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि वह सुबह काजीगुंड से बनिहाल तक यात्रा कर चुके हैं और आगे का सफर भी उनके लिए यादगार रहने वाला है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 May 2026 4:53 PM IST












