सूखाग्रस्त किसानों की मदद के लिए आगे आया सिद्धिविनायक ट्रस्ट, मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 10 करोड़ रुपए

सूखाग्रस्त किसानों की मदद के लिए आगे आया सिद्धिविनायक ट्रस्ट, मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 10 करोड़ रुपए
महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में सूखे की मार झेल रहे किसानों और प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।

मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में सूखे की मार झेल रहे किसानों और प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।

मंदिर न्यास प्रबंधन समिति ने सामाजिक दायित्व के तहत यह निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य सूखाग्रस्त क्षेत्रों के किसानों और प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत उपलब्ध कराना तथा संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा रहना है।

सोमवार को मंदिर न्यास की ओर से 10 करोड़ रुपये का चेक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपा गया। न्यास के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त सदानंद सरवणकर तथा कोषाध्यक्ष आचार्य पवनकुमार त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को यह सहायता राशि सौंपी।

इस अवसर पर न्यास की ट्रस्टी मीना कांबळी, महेश मुदलियार, गोपाल दलवी, जितेंद्र राऊत, मनीषा तुपे, सुदर्शन सांगले और कार्यकारी अधिकारी राखी चव्हाण भी उपस्थित रहे।

मंदिर न्यास ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय जरूरतमंद लोगों की सहायता करना उसकी सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष महाराष्ट्र में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भी सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये का योगदान दिया था।

न्यास के इस कदम को सूखाग्रस्त किसानों के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे राज्य सरकार के राहत एवं पुनर्वास प्रयासों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इससे पहले, 29 सितंबर को महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंभीर बाढ़ की स्थिति को देखते हुए देश के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर ट्रस्ट ने एक सराहनीय कदम उठाया था। ट्रस्ट ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 करोड़ रुपए का योगदान देने की घोषणा की थी। इस बात की जानकारी श्री सिद्धिविनायक मंदिर के आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट पर प्रेस रिलीज शेयर करके दे दी गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story