सुनील लहरी ने सुनाया रामायण की शूटिंग का मजेदार किस्सा
मुंबई, 30 मार्च (आईएएनएस)। रामायण में लक्ष्मण का पात्र निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने रामायण का एक किस्सा पुरानी कहावत से जोड़कर बहुत अच्छे तरीके से समझाया है। अभिनेता ने सोमवार को इंस्टाग्राम के जरिए रामायण के दिनों के एक दिलचस्प किस्से को साझा किया।
अभिनेता शेयर किए गए वीडियो में कहते हैं, "हाल ही में मेरी बिल्डिंग में एक व्यक्ति मुझसे मिलने आया। वह खुद को मेरा रिश्तेदार बताकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था लेकिन सिक्योरिटी गार्ड ने उसे चेक किया और वह झूठा रिश्तेदार निकला। गार्ड ने उसे भगा दिया। इस घटना ने मुझे रामायण की शूटिंग के पुराने दिनों की याद दिला दी।"
सुनील ने रामायण का किस्सा सुनाते हुए कहा, "रामायण की शूटिंग के दौरान एक बार हम पूरे दिन धूप में शूटिंग करके बहुत थक गए थे। हमारे चेहरे पर अच्छी-खासी टैनिंग हो रखी थी। उसके बाद दो-तीन दिन की छुट्टी थी। मैंने दाढ़ी नहीं बनाई थी और बालों में तेल लगा हुआ था। मैं स्टूडियो के मेन गेट के पास टहल रहा था। तभी एक व्यक्ति मेरे पास आया और बोला, मुझे सुनील लहरी साहब से मिलना है। मैंने पूछा, 'आप कौन हैं?' उसने जवाब दिया, 'मैं उनका भाई हूं और भोपाल से आया हूं।'"
सुनील ने आगे मुस्कराते हुए कहा, "कमाल की बात थी, वह मुझे ही मिलने आया था लेकिन मुझे पहचान नहीं पाया और मेरा ही झूठा भाई बनकर आ गया था।"
सुनील लहरी ने इस किस्से के जरिए गहरी बात कही, "जब आपका समय अच्छा चल रहा होता है, तो अनजान लोग भी आपके रिश्तेदार बन जाते हैं लेकिन जब आपका समय ठीक नहीं होता, तो आपके अपने रिश्तेदार भी आपको अनजान समझने लगते हैं।"
अंत में उन्होंने कहा, "जय श्री राम।" अभिनेता ने वीडियो शेयर कर लिखा, "हाल ही का एक मजेदार किस्सा, जिसने मुझे रामायण की शूटिंग के दिनों की याद दिला दी।"
मध्य प्रदेश के दमोह के रहने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने भले ही 'द नक्सलाइट' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी, लेकिन रामानंद की रामायण से उन्होंने काफी लोकप्रियता हासिल की थी, जिसके लिए उन्हें काफी सराहना मिली थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 March 2026 1:02 PM IST












