सुपरस्टार धनुष की 'कारा' के कारण संकट में निर्देशक विजय अवतार का ड्रीम प्रोजेक्ट
चेन्नई, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के लेखक और निर्देशक विजय अवतार अपनी आगामी फिल्म 'कारा' के नाम को लेकर भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। विवाद की मुख्य वजह सुपरस्टार धनुष की आने वाली एक एक्शन थ्रिलर फिल्म 'कारा' है, जिसका अंग्रेजी में नाम 'कारा' ही दर्शाया जा रहा है।
निर्देशक विजय अवतार ने सोमवार को आईएएनएस के साथ बातचीत में अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि वह और उनकी टीम पिछले तीन सालों से ज्यादा फिल्म 'कारा' पर दिन-रात काम कर रहे हैं। हमारी आगामी फिल्म भारत के सबसे बड़े 'क्रोकोडाइल' पर आधारित है। फिल्म का निर्माण 'भवानी एंटरटेनमेंट' के बैनर तले होगा और इसके सह-निर्माता प्रेमनाथ हैं। फिल्म में मास्टर महेंद्रन, जीवा तांगेवेल, मोटा राजेंद्र और श्रीपू अम्मन जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
विजय ने आगे कहा, "हमने इस प्रोजेक्ट को अपना खून-पसीना दिया है। फिल्म पूरी तरह बनकर तैयार है और इसी साल 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन रिलीज से ठीक पहले हमें एक ऐसी दीवार का सामना करना पड़ रहा है, जिसे पार करना हमारे लिए मुश्किल हो रहा है।"
निर्देशक का कहना है कि विवाद की जड़ 'वेल्स कंपनी' द्वारा निर्मित धनुष की फिल्म है, जो 30 अप्रैल को रिलीज होने जा रही है। उन्होंने कहा, "धनुष की फिल्म 'कारा' का तमिल में नाम अलग है, लेकिन अंग्रेजी में नाम 'कारा' ही है। इस समानता के कारण हमारी फिल्म को डिजिटल पहचान का भारी नुकसान हो रहा है। जनवरी से पहले तक कोई भी सोशल मीडिया या गूगल पर 'कारा' मूवी, 'कारा टीजर' या फिर 'कारा डायरेक्टर' सर्च करता था, तो हमारी फिल्म के परिणाम आते थे, लेकिन अब ऐसा कुछ भी नहीं होता है। धनुष की फिल्म के प्रचार के कारण हमारी फिल्म की सारी जानकारी इंटरनेट से गायब हो गई है। सर्च करने पर केवल उनकी फिल्म के अपडेट्स दिखाई देते हैं।"
विजय ने बताया कि वह पिछले 25 सालों से फिल्म इंडस्ट्री में संघर्ष कर रहे हैं और 'कारा' से बतौर निर्देशन में डेब्यू करने जा रहे हैं और इस फिल्म से उन्हें काफी उम्मीद है। टाइटल के इस टकराव की वजह से फिल्म के बिजनेस और वितरण पर भी बुरा असर देखने को मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी की सफलता से नहीं, बल्कि अपनी पहचान बचाने की है।
निर्देशक ने अपील करते हुए कहा, "हम धनुष सर, वेल्स कंपनी और माननीय अदालत से मदद की गुहार लगा रहे हैं। हमें उनकी फिल्म की कमाई से कोई दिक्कत नहीं है, हमें बस अपना हक और अपना नाम वापस चाहिए। एक लेखक और निर्देशक के तौर पर हम सिर्फ अपनी पहचान के लिए लड़ रहे हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 April 2026 10:48 PM IST












