स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि, नितिन गडकरी, सीएम योगी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर शनिवार को देश के अनेक प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों, राष्ट्रसेवा और युवा प्रेरणा के संदेश को स्मरण किया। नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक बताया।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "अपने विचार और प्रभावी भाषण से स्वामी विवेकानंद जी ने पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति और परंपरा की छाप छोड़ी। भारत में राष्ट्रवाद की भावना को बल देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अपने विचारों और कर्तृत्व से वो युवाओं के प्रेरणास्रोत बने है। ऐसे महान राष्ट्रसेवक की पुण्यतिथि पर उन्हें सादर नमन।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद को राष्ट्रवादी, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना के महान संवाहक बताते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "'गर्व से कहो, हम हिंदू हैं' का उद्घोष कर भारत की राष्ट्रवादी, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देने वाले महान संत, 'राष्ट्रऋषि' स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि। उनका तपस्वी जीवन करोड़ों युवाओं को अपने राष्ट्र, संस्कृति और कर्तव्य के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा देता है।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "महान आध्यात्मिक चिंतक एवं भारतीय संस्कृति के वैश्विक संवाहक स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। स्वामी विवेकानंद जी के विचार आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का संदेश देते हैं। उनका प्रेरक व्यक्तित्व युवाओं में सेवा, अनुशासन और कर्तव्यबोध का भाव जगाता है। स्वामी जी का जीवन-दर्शन देशवासियों को राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और राष्ट्र चेतना के महान संवाहक, युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उनके ओजस्वी विचार, राष्ट्र प्रथम का दृष्टिकोण और मानव सेवा का संदेश आज भी हमें कर्तव्य, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "महान दार्शनिक, ओजस्वी वक्ता एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन। स्वामी विवेकानंद जी ने अपने ओजस्वी विचारों, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रवादी चिंतन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन दर्शन एवं वेदांत की गौरवशाली परंपरा को विश्व पटल पर नई प्रतिष्ठा दिलाई। उनका जीवन हमें आत्मविश्वास, सेवा, राष्ट्रभक्ति और मानव कल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने की प्रेरणा देता है। आइए, उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए विकसित, आत्मनिर्भर और विश्वगुरु भारत के निर्माण के संकल्प को और अधिक सशक्त करें।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वामी विवेकानंद को भारतीय संस्कृति, ज्ञान, अध्यात्म और राष्ट्र चेतना का अमर संवाहक बताते हुए उन्हें कोटिशः नमन किया। उन्होंने कहा, "उनका ओजस्वी व्यक्तित्व और प्रेरणादायी विचार सदैव राष्ट्रसेवा, आत्मबल और मानव कल्याण के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध विचार "बाह्य प्रकृति वास्तव में आंतरिक प्रकृति का ही विस्तृत रूप है" का उल्लेख करते हुए कहा, "महान राष्ट्रचिंतक, आध्यात्मिक चेतना के अग्रदूत एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत श्रद्धेय स्वामी विवेकानंद जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! स्वामी विवेकानंद जी ने अपने ओजस्वी विचारों, आध्यात्मिक दृष्टि और राष्ट्र जागरण के संदेश से भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई। उनका जीवन युवाओं में आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति, सेवा और चरित्र निर्माण की प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। उनके आदर्श और विचार हमें राष्ट्र निर्माण के पथ पर कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर अग्रसर रहने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 8:43 AM IST












