'जैस हम स्वर्ग पहुंच गए,' टी20 विश्व कप में भारत की जीत पर खुशी से नम हुई कविता कृष्णमूर्ति की आंखें
मुंबई, 9 मार्च (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर टीम इंडिया ने पूरे देश को दिल से खुशी मनाने का मौका दे दिया है।
न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम करना सिर्फ टीम इंडिया के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। हर कोई भारतीय टीम की जीत पर खुशी जाहिर कर रहा है। इस जीत के मौके पर भारतीय प्लेबैक सिंगर कविता कृष्णमूर्ति की आंखों में खुशी के आंसू आ गए।
भारतीय प्लेबैक सिंगर कविता कृष्णमूर्ति ने मीडिया के सामने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "कल तो मेरी आंखों में आंसू थे क्योंकि हमारी टीम ने इतना अच्छा खेला और हजारों की संख्या में लोगों की आवाजे कान में आ रही थी और ऐसे मौके पर नेशनल एंथम गाना था। ऐसा लग रहा था कि हम लोग स्वर्ग पहुंच गए। पूरी टीम को जीत की बहुत बधाई क्योंकि उनकी जीत बहुत शानदार थी और विपक्षी टीम को बहुत बुरे तरीके से हराया।"
उन्होंने आगे कहा, "टीम इंडिया कई मौकों पर जीती है, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में युवा खिलाड़ियों को मौका मिला और सभी ने दिल जीत लेने वाले प्रदर्शन किए। यही वजह है कि मैच को लेकर पूरा देश उत्साहित था। यह जीत सोच से परे थी। कविता ने बताया कि वह जसप्रीत बुमराह की बड़ी फैन हैं और उनकी बॉलिंग करने का तरीका उन्हें बहुत पसंद है।"
बता दें कि कविता कृष्णमूर्ति मैच देखने पहुंची थी और जीत से पहले उन्होंने नेशनल एंथम गाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर मैच की कुछ फोटोज भी शेयर की थी। सिंगर ने नेशनल एंथम गाते हुए वीडियो भी पोस्ट की थी। उन्होंने लिखा था, "भारतीय टीम को इस शानदार जीत पर हार्दिक बधाई। आज टीम के लिए राष्ट्रगान गाना मेरे लिए बेहद खुशी की बात थी और अपने पति के साथ इस ऐतिहासिक जीत को देखना मेरे लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा। बधाई हो!"
कविता कृष्णमूर्ति बॉलीवुड की जानी-मानी सिंगर हैं। उन्होंने हिंदी सिनेमा को कई सुपरहिट गाने दिए हैं। उनके 'सारे लड़कों की कर दो शादी,' 'नींद चुराई मेरी,' 'नायक नहीं खलनायक है तू,' 'छोटे-छोटे भाइयों के बड़े भैया,' और निंबोड़ा सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 March 2026 11:59 AM IST












