स्वस्थ वातावरण में हुई मध्य प्रदेश विधानसभा में चर्चा सीएम मोहन यादव
भोपाल, 5 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सभी विषयों पर खुलकर और स्वस्थ वातावरण में चर्चा हुई। सरकार ने जहां सकारात्मक भूमिका निभाई, वहीं विपक्ष के नकारात्मक सवालों का भी जवाब दिया। राज्य विधानसभा का पांच दिवसीय सत्र रहा और इस दौरान 13.5 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट भी पारित किया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि बजट सत्र में स्वस्थ वातावरण में सरकार ने सभी विषयों को लेकर विपक्ष और सदन के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट की। पांच दिन तक चला सत्र अपने उद्देश्यों की प्राप्ति के साथ कई उपलब्धियां लेकर आया, न केवल साढ़े 13 हजार करोड़ से ज्यादा का अनुपूरक बजट पारित हुआ, बल्कि इसी दौरान पर्यटन विभाग द्वारा डल झील की तर्ज पर भोपाल में शिकारा नाव का लोकार्पण भी किया।
इसके अलावा, नगर पालिका अधिनियम में संशोधन करके नगर पालिका और परिषद में अध्यक्ष का चुनाव सीधे जनता से कराने वाला संशोधन किया गया। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सभी विषयों पर प्रश्नोत्तरी के माध्यम से यथायोग्य तर्कसंगत तरीके से जवाब दिया गया। यह सरकार पारदर्शिता के साथ प्रजातंत्र के लिए जवाबदेही वाली सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर देश और मध्य प्रदेश के उद्देश्य को लेकर सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय सबके भविष्य की अच्छी कल्पना और कामना करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री यादव ने आगे कहा कि राज्य सरकार जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए कटिबंध और सकारात्मकता के आधार पर नकारात्मक विपक्ष का हर तरह का जवाब देने के लिए तत्पर है। लोकतंत्र में संवाद जरूरी है। सत्ता पक्ष और मंत्रियों ने बेहतर तरीके से जवाब दिया, नेता प्रतिपक्ष के आलोचना का तरीका सकारात्मक था। कुल मिलाकर दोनों पक्षों ने अपनी भूमिका का बेहतर तरीके से निर्वहन किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Dec 2025 9:14 PM IST












