स्वाति मालीवाल ने बताया- इन वजहों से पश्चिम बंगाल में बन रही भाजपा की सरकार
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने पश्चिम बंगाल चुनाव संपन्न होने के बाद कई एग्जिट पोल में भाजपा की सरकार बनने के संकेत पर कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है। इसके पीछे कई कारण हैं।
नई दिल्ली में राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सिर्फ पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि तीन राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में भी भाजपा जीतेगी।
उन्होंने बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने बंगाल में जमीनी स्तर पर लोगों से बात की है, जिनमें पत्रकार और स्थानीय लोग भी शामिल हैं और वे कह रहे हैं कि वहां भाजपा जीत रही है। बंगाल में भाजपा इसलिए भी जीत रही है, क्योंकि टीएमसी गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार में लिप्त रही है। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए अच्छे कार्य भी बड़े कारण हैं कि भाजपा पश्चिम बंगाल में जीत हासिल करने जा रही है।
भाजपा नेता यासिर जिलानी ने कहा कि मैं बंगाल को लेकर विश्लेषकों, चुनाव विशेषज्ञों और वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा लगाए जा रहे अनुमानों का स्वागत करता हूं। भारतीय जनता पार्टी भी इनका स्वागत करती है। हालांकि, मैं जमीनी स्तर से मिली जानकारी के आधार पर अपना नजरिया पेश करूंगा। हमारी जानकारी बूथ अध्यक्षों, पन्ना प्रमुखों, मंडल अध्यक्षों और मतदान केंद्रों पर मौजूद जमीनी कार्यकर्ताओं से आती है। उनके अनुसार, भाजपा के पक्ष में काफी मतदान हुआ है।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग के सबसे बड़े समुदायों, मुस्लिमों और ईसाइयों के वोट भी बड़ी संख्या में पार्टी को मिले हैं, क्योंकि वहां का हर व्यक्ति भय और भ्रष्टाचार से त्रस्त था, कानून-व्यवस्था ठप थी। इसे आधार बनाकर लोगों ने ममता बनर्जी के खिलाफ वोट किया। बंगाल में हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई सब मिलकर पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बना रहे हैं।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से बंगाल में चल रही भ्रष्टाचार, कटमनी, भाई-भतीजावाद की सरकार, लचर कानून-व्यवस्था, महिलाओं की असुरक्षा, और आरजी कर जैसी घटनाओं से लोग ऊब चुके हैं। ऊपर से टीएमसी ने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। यह उसी का परिणाम है कि बंगाल में परिवर्तन की लहर चल रही है। बंगाल से ममता दीदी जा रही हैं और भाजपा की सरकार आ रही है।
भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा कि बंगाल में हिंदुत्व के पक्ष में लहर है। ममता बनर्जी हिन्दुओं को डराती रही हैं। जनता टीएमसी के शासन से त्रस्त है और चुनाव में भाजपा को वोट दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 April 2026 8:59 PM IST












