टी20 रैंकिंग में नंदनी और क्रांति को बढ़त, वनडे में शट-पेरी ने लगाई छलांग
दुबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच जिताऊ प्रदर्शन के बाद, भारत की नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़ को आईसीसी महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा मिला है। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप के बाद, ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट, एलिस पेरी और एनाबेल सदरलैंड ने वनडे रैंकिंग में अपनी स्थिति बेहतर की है।
भारतीय गेंदबाजों में नंदनी ने सबसे बड़ी छलांग लगाई। जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरुआती दो टी20 मुकाबलों में तीन विकेट लेने के बाद, वह 26 स्थान ऊपर चढ़कर 45वें नंबर पर पहुंच गई हैं। इस दाएं हाथ की तेज गेंदबाज ने पहले मैच में 11 रन देकर दो विकेट लिए थे और अब वह अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 507 रेटिंग प्वाइंट्स तक पहुंच गई हैं। वहीं, क्रांति ने पहले दो मैचों में एक-एक विकेट चटकाए। वह नौ स्थानों की छलांग लगाकर 43वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
भारत की बल्लेबाजी रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला है। दूसरे टी20 में 25 गेंदों पर 55 रन बनाने के बाद, शेफाली वर्मा चौथे स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, सीरीज के पहले मैच में 37 गेंदों पर 49 रन बनाने के बाद, दीप्ति शर्मा एक स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 37वें नंबर पर आ गई हैं।
सीरीज में पिछड़ने के बावजूद, जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों को भी अपने प्रदर्शन का फायदा मिला है। केलिस न्दलोवु तीन स्थान ऊपर चढ़कर 64वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि चिपों मुगेरी-तिरिपानो सात स्थान के सुधार के साथ 73वें और जोसेफिन न्कोमो 91वें नंबर पर पहुंच गई हैं। पहले मैच में 33 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाने के बाद, शार्ने मायर्स 19 स्थान ऊपर चढ़कर 96वें नंबर के साथ टॉप 100 में वापस आ गई हैं।
इसके अलावा, नॉर्थ सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार साझेदारी करने के बाद, न्यूजीलैंड की जॉर्जिया प्लिमर और मैडी ग्रीन ने भी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में अपनी स्थिति बेहतर की है। प्लिमर 13 स्थान ऊपर चढ़कर 48वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि ग्रीन 3 स्थान के सुधार के साथ 34वें नंबर पर पहुंच गई हैं। ऑस्ट्रेलिया की पैरी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में 16वें स्थान पर बनी हुई हैं।
न्यूजीलैंड को गेंदबाजी रैंकिंग में भी फायदा हुआ है। जेस केर 5 स्थान ऊपर चढ़कर 17वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि ब्री इलिंग 6 स्थान के सुधार के साथ अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 23वें नंबर पर पहुंच गई हैं। नैन्सी पटेल 5 स्थान ऊपर चढ़कर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 35वें नंबर पर आ गई हैं।
वनडे रैंकिंग में, शट को बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की क्लीन स्वीप में अहम योगदान देने का इनाम मिला है, जो महिला वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं।
आखिरी वनडे में ऑस्ट्रेलिया की शानदार बल्लेबाजी का असर उनकी रैंकिंग पर भी दिखा है। सदरलैंड 4 स्थान ऊपर चढ़कर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 13वें नंबर पर आ गई हैं। पैरी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर 9वें नंबर पर आ गई हैं, जबकि ऑलराउंडर रैंकिंग में 14 स्थान के सुधार के साथ वह संयुक्त रूप से 25वें नंबर पर पहुंच गई हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Oct 2026 4:15 PM IST












