टी20 वर्ल्ड कप दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ हेड कोच गौतम गंभीर का जोरदार स्वागत

टी20 वर्ल्ड कप  दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ हेड कोच गौतम गंभीर का जोरदार स्वागत
भारतीय टीम ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर हेड कोच गौतम गंभीर का जोरदार स्वागत हुआ।

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय टीम ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर हेड कोच गौतम गंभीर का जोरदार स्वागत हुआ।

गौतम गंभीर के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर फैंस का हुजूम उमड़ा। गंभीर का माला पहनाकर स्वागत किया गया। गंभीर अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के साथ एयरपोर्ट पर नजर आए। कड़ी सुरक्षा के बीच गंभीर को उनकी गाड़ी तक पहुंचाया गया, जहां से वह अपने घर के लिए रवाना हो गया। गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद टीम इंडिया ने यह दूसरी आईसीसी ट्रॉफी जीती है। इससे पहले साल 2025 में भारतीय टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 255 रन बनाए। टीम की ओर से संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 5 चौके और 8 छक्के लगाए। वहीं, अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रनों की दमदार पारी खेली। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने महज 8 गेंदों में 26 रन बनाए, जिसके दम पर भारतीय टीम टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही।

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ढेर हो गई। कीवी टीम की तरफ से टिम सीफर्ट ने सर्वाधिक 52 रन बनाए, जबकि मिचेल सैंटनर ने 43 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 बड़े विकेट निकाले। भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 विश्व कप के खिताब को जीतने वाला पहला देश बना। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप को जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 March 2026 10:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story