तमिलनाडु डीवीएसी अधिकारियों ने पूर्व मंत्री केएन नेहरू के आवास पर अचानक मारा छापा

तमिलनाडु डीवीएसी अधिकारियों ने पूर्व मंत्री केएन नेहरू के आवास पर अचानक मारा छापा
तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और डीएमके नेता केएन नेहरू के खिलाफ सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (डीवीएसी) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह डीवीएसी की टीम ने तिरुचिरापल्ली के थिल्लई नगर में केएन नेहरू के आवास पर छापा मारा।

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और डीएमके नेता केएन नेहरू के खिलाफ सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (डीवीएसी) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह डीवीएसी की टीम ने तिरुचिरापल्ली के थिल्लई नगर में केएन नेहरू के आवास पर छापा मारा।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी नगर प्रशासन और जल आपूर्ति विभाग में कर्मचारियों की भर्ती में हुई अनियमितताओं के आरोपों के संबंध में की जा रही है। इसमें लगभग 634 करोड़ रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है।

बताया गया कि गुरुवार सुबह तीन बोलेरो गाड़ियों में आए सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के 15 से अधिक अधिकारियों ने थिल्लई नगर में केएन नेहरू के आवास और कार्यालय परिसर पर दबिश दी। इसके बाद आवास के अंदर गहन तलाशी शुरू की गई। सुरक्षा के लिहाज से घर के प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

गौरतलब है कि केएन नेहरू के छोटे भाई रविचंद्रन के बेटे की अगले कुछ दिनों में शादी होनी है, जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इन तैयारियों के बीच, डीवीएसी की अचानक हुई इस छापेमारी से राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है। शादी समारोह से कुछ दिन पहले हुई इस कार्रवाई से परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों में काफी सदमा और परेशानी देखी जा रही है।

अधिकारी अभी भी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं और सबूतों का सत्यापन कर रहे हैं। तलाशी पूरी होने के बाद जब्त की गई चीजों और मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों के बारे में आधिकारिक सूचना जारी की जा सकती है।

इससे पहले, 5 सितंबर को भी डीवीएसी अधिकारियों ने डीएमके विधायक और पूर्व मंत्री केएन नेहरू व उनके भाई रविचंद्रन से जुड़ी 19 जगहों पर तलाशी ली थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story