तमिलनाडु चुनाव 2026 भाजपा ने जारी की 27 उम्मीदवारों की सूची, तमिलिसाई सुंदरराजन को मायलापुर से टिकट
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए अपने 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें राज्य के अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों से कई प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं। भाजपा ने 5 महिलाओं को भी टिकट दिया है।
प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल पूर्व राज्यपाल और भाजपा की वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सुंदरराजन मायलापुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को सत्तूर से टिकट दिया गया है। भाजपा की राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन कोयंबटूर उत्तर से चुनाव लड़ेंगी। केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन अविनाशी के आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा तमिलनाडु में मुख्य रूप से ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। एनडीए के अन्य घटक दलों में क्षेत्रीय पार्टियां, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके), तमिल मनीला कांग्रेस और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (एएमएमके) शामिल हैं। इस बार चुनाव में एनडीए बनाम डीएमके के बीच कड़ी टक्कर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से तमिलनाडु में पार्टी और एनडीए गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार तेज करेंगे। वे शनिवार को प्रधानमंत्री चेन्नई में लगभग 100 पार्टी पदाधिकारियों, जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और प्रमुख हितधारकों के साथ बैठक भी करेंगे।
गौरतलब है कि 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा। 6 अप्रैल नामांकन का आखिरी तारीख है। 9 अप्रैल तक नामांकन वापस लिया जा सकता है। 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा की जाएगी।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद तमिलनाडु में इस बार कुल 5,67,74,436 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 12,51,749 मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। राज्य में 85 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 3,99,668 है।
भारतीय निर्वाचन आयोग ने राज्य में चुनाव के लिए कुल 75,032 मतदान केंद्र बनाए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 April 2026 2:27 PM IST












