तमिलनाडु के सियासी हालात पर बोलीं कांग्रेस सांसद जेबी माथेर, कहा- लोकतंत्र में जनमत का सम्मान सर्वोपरि
तिरुवनंतपुरम, 7 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने तमिलनाडु के राजनीतिक घटनाक्रम पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि जनता के फैसले का सम्मान करना लोकतंत्र की मूल भावना है और किसी भी परिस्थिति में हिंसा समाधान नहीं हो सकती।
तमिलनाडु के राजनीतिक हालात पर कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा, "लोकतंत्र में जनता के निर्णय को स्वीकार करना आवश्यक है। सामान्य रूप से जिस पार्टी के पास सबसे अधिक सीटें होती हैं। उसे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाता है। हालांकि वर्तमान परिस्थितियों में आगे क्या राजनीतिक एजेंडा सामने आता है, यह देखना बाकी है। आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति की दिशा अधिक स्पष्ट होगी।"
कांग्रेस की हालिया जीत और कार्यकर्ताओं के जश्न पर प्रतिक्रिया देते हुए जेबी माथेर ने कहा कि यह कांग्रेस के लिए एक बड़ी सफलता है और कार्यकर्ता अपने-अपने तरीके से इसे मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पोस्टर, बैनर और स्वागत कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की भावनाओं की अभिव्यक्ति हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस नेतृत्व किसी भी फैसले को पोस्टरों या बैनरों की संख्या के आधार पर नहीं लेता। पार्टी संगठनात्मक प्रक्रिया और नेतृत्व के सामूहिक निर्णय के आधार पर आगे बढ़ती है।
केरल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पहले से तय है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन और मुकुल वासनिक तिरुवनंतपुरम आएंगे। विधायकों और नेताओं की राय लेंगे और उसके बाद अपनी रिपोर्ट दिल्ली हाईकमान को सौंपेंगे। अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा और सभी नेता एवं कार्यकर्ता उसका स्वागत करेंगे।
महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित स्वागत कार्यक्रम पर उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित विधायकों ने इतिहास रच दिया है। महिला कांग्रेस अपने विधायकों का स्वागत उत्साहपूर्वक कर रही है, क्योंकि इन नेताओं ने संघर्ष कर जनता के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है।
वहीं, पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर जेबी माथेर ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि किसी भी दल द्वारा हिंसा, खून-खराबा और हत्या की राजनीति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
जेबी माथेर ने कहा कि अभी पूरी सच्चाई सामने आना बाकी है, इसलिए जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी की अहिंसा की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंसा कभी समाधान नहीं हो सकती।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 May 2026 11:42 AM IST












