चतरा राहुल दुबे गैंग के तीन बदमाश हथियारों के साथ गिरफ्तार, लेवी वसूली की साजिश नाकाम
चतरा, 14 जुलाई (आईएएनएस)। चतरा जिले की टंडवा पुलिस ने कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग से जुड़े तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कोयला कारोबारियों से रंगदारी (लेवी) वसूलने और फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की साजिश रच रहे थे।
टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो गांव में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने कारो गांव में घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बोकारो निवासी संजय मुर्ती, आलोक कुमार सिंह और हजारीबाग निवासी अजय करमाली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया, "पूछताछ में आरोपियों ने राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। शुरुआती जांच के अनुसार, वे कोयला साइडिंग और कारोबारियों की गतिविधियों की रेकी कर रहे थे। इसके बाद फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाने और कारोबारियों से लेवी वसूलने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से साजिश नाकाम हो गई।"
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए और गिरोह का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है। पूरे मामले में तकनीकी और खुफिया स्तर पर भी जांच जारी है।
इस अभियान में टंडवा थाना प्रभारी पप्पू शर्मा, पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा, एसआई अभिमन्यु कुमार समेत विशेष पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कोयला कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 July 2026 7:27 PM IST












