तांत्रिक और जिन्न के नाम पर युवती से 15.93 लाख की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर

तांत्रिक और जिन्न के नाम पर युवती से 15.93 लाख की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर
मुंबई के सायन इलाके से साइबर ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां तांत्रिक शक्ति और जिन्न के नाम पर एक 22 वर्षीय युवती से करीब 15.93 लाख रुपए की ठगी की गई। इस मामले में मुंबई साइबर सेल ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के सायन इलाके से साइबर ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां तांत्रिक शक्ति और जिन्न के नाम पर एक 22 वर्षीय युवती से करीब 15.93 लाख रुपए की ठगी की गई। इस मामले में मुंबई साइबर सेल ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता सायन के प्रतीक्षा नगर इलाके की रहने वाली है। वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम इस्तेमाल करते समय उसकी नजर “पावरफुल ओबसेशन हीलर” नामक एक पोस्ट पर पड़ी, जिसमें करियर, प्रेम और जीवन की समस्याओं के समाधान का दावा किया गया था। पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उसकी बातचीत व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति से शुरू हुई, जिसने खुद को कभी वाहिद तो कभी साहिल बताया।

आरोपी ने पहले युवती का विश्वास जीता और उसके उज्ज्वल भविष्य का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने तांत्रिक विधि कराने की सलाह दी और दावा किया कि उसके पास जिन्न है, जो हर इच्छा पूरी कर सकता है। आरोपी ने युवती को यकीन दिलाया कि इस प्रक्रिया से उसका जीवन पूरी तरह बदल जाएगा।

ठगी की शुरुआत 25 हजार रुपए से हुई, लेकिन धीरे-धीरे यह रकम लाखों तक पहुंच गई। आरोपी अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगता रहा, कभी तांत्रिक विधि अधूरी होने का हवाला दिया गया, तो कभी नकारात्मक ऊर्जा हटाने या जिन्न के नाराज होने की बात कहकर युवती को डराया गया। इस दौरान युवती कई बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करती रही। ठगों ने अलग-अलग नामों जैसे सुमरा मोहम्मद, मोसिन सलीम और गुलनाज का इस्तेमाल किया, जिससे यह संगठित गिरोह का मामला प्रतीत होता है।

इस ठगी का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि युवती ने अपने घर का सोना तक बेच दिया और उसकी रकम भी आरोपियों को दे दी। करीब ढाई साल तक यह सिलसिला चलता रहा। जब कोई परिणाम नहीं मिला और लगातार पैसों की मांग जारी रही, तब उसे ठगी का एहसास हुआ।

इसके बाद पीड़िता ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब इंस्टाग्राम आईडी, मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि यह मामला किसी बड़े साइबर ठग गिरोह से जुड़ा हो सकता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 March 2026 9:15 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story