तीन उपचुनावों के नतीजे पर बोले नितिन नवीन- जनादेश स्वीकार, हार वाली सीटों पर करेंगे आत्ममंथन
नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। तीन राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पार्टी की प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने कहा कि पार्टी जनादेश का सम्मान करती है और जहां अपेक्षित परिणाम नहीं आए, वहां आत्ममंथन कर नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेगी।
नितिन नवीन ने 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "आज तीन विधानसभा उपचुनावों में आए जनादेश को हम स्वीकार करते हैं। गुजरात की मांजलपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी पर अपना विश्वास व्यक्त करने के लिए वहां की जनता का हृदय से आभार। इस विजय के लिए भाजपा के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई।"
उन्होंने मांजलपुर सीट पर भाजपा की जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि मांजलपुर में मिली जीत यह दर्शाती है कि विकास और सुशासन की नीतियों पर जनता का विश्वास बरकरार है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया, जिसका परिणाम आज सामने है।
वहीं, बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। इस पर नितिन नवीन ने कहा, "बांकीपुर और दतिया में हमें अपेक्षित जनादेश प्राप्त नहीं हुआ। हम इन दोनों क्षेत्रों के चुनाव परिणामों का पूरी गंभीरता से आत्ममंथन करेंगे और नई ऊर्जा और संकल्प के साथ जनता के बीच जाकर उनके विश्वास को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।"
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। वर्ष 1995 से भाजपा के कब्जे वाली इस सीट पर इस बार के उपचुनाव के नतीजों पर प्रदेश की राजनीति की विशेष नजर बनी हुई है।
बांकीपुर विधानसभा सीट से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर विजेता बने। यह पार्टी की पहली जीत है। प्रशांत किशोर को 63,203 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 44,250 वोट। राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता महज 14,085 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Aug 2026 11:45 PM IST












