तीसरा टेस्ट, दूसरा दिन पाकिस्तान के खिलाफ विशाल बढ़त के बाद इंग्लैंड ने बनाई मुकाबले में मजबूत पकड़

तीसरा टेस्ट, दूसरा दिन पाकिस्तान के खिलाफ विशाल बढ़त के बाद इंग्लैंड ने बनाई मुकाबले में मजबूत पकड़
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ एजबेस्टन में जारी तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मेजबान टीम ने पहली पारी के आधार पर 320 रन की विशाल लीड हासिल की, जिसके बाद पाकिस्तान ने दिन की समाप्ति तक अपने 2 विकेट गंवा दिए। यहां से पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड की पहली पारी से 268 रन पीछे है।

बर्मिंघम, 10 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ एजबेस्टन में जारी तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मेजबान टीम ने पहली पारी के आधार पर 320 रन की विशाल लीड हासिल की, जिसके बाद पाकिस्तान ने दिन की समाप्ति तक अपने 2 विकेट गंवा दिए। यहां से पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड की पहली पारी से 268 रन पीछे है।

इंग्लैंड की निगाहें टेस्ट सीरीज के अंतिम मुकाबले को जीतकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने पर हैं। मेजबान टीम ने पहला मुकाबला पारी और 103 रन के अंतर से अपने नाम किया था, जिसके बाद इंग्लैंड ने दूसरा मुकाबला 103 रन से जीता।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम पहली पारी में सिर्फ 133 रनों पर सिमट गई। इस टीम ने 48 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद सऊद शकील ने 43 रन और मोहम्मद अब्बास ने 21 रन की पारी खेलते हुए पाकिस्तान को जैसे-तैसे शतक के पार पहुंचाया। इनके अलावा, रजाउल्लाह (11) दहाई का आंकड़ा छूने वाले तीसरे बल्लेबाज रहे। इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि ओली रॉबिन्सन और जोफ्रा आर्चर ने 3-3 विकेट निकाले।

इसके जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 453 रन बनाकर 320 रन की विशाल बढ़त हासिल कर ली। इस टीम ने 39 रन तक अपने 3 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद हैरी ब्रूक ने एमिलियो के साथ चौथे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की।

एमिलियो 9 चौकों के साथ 60 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद हैरी ब्रूक (75), डैन लॉरेंस (65), जेमी स्मिथ (69) और ओली रॉबिन्सन (50) ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को 453 के स्कोर तक पहुंचाया।

पाकिस्तान के लिए रजाउल्लाह ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद अली और मोहम्मद इमरान रंधावा ने 2-2 विकेट चटकाए। मोहम्मद अब्बास को 1 विकेट हाथ लगा।

पाकिस्तान ने दूसरे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 12.4 ओवरों का सामना किया, जिसमें 2 विकेट खोकर 52 रन बनाए। टीम ने सिर्फ 4 गेंदों में सईम अयूब (0) और अब्दुल्ला शफीक (0) के विकेट गंवा दिए थे। उस समय तक मेहमान टीम का खाता भी नहीं खुल सका था। दोनों विकेट ओली रॉबिन्सन के हाथ लगे।

इसके बाद शान मसूद ने अजान ओवैस के साथ तीसरे विकेट के लिए 72 गेंदों में 52 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। दिन की समाप्ति तक अजान 29 रन और शान मसूद 21 रन बनाकर नाबाद हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Sept 2026 10:54 PM IST

Tags

Next Story