टेस्ट के बाद बाबर आजम को पाकिस्तान टी20 टीम की कप्तानी भी मिल सकती है रिपोर्ट
नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान टेस्ट टीम की कप्तानी मिलने के बाद बाबर आजम टी20 टीम की कमान भी संभाल सकते हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) बाबर को फिर से देश की टी20 टीम का कप्तान बनाने पर विचार कर रहा है।
पाकिस्तानी प्रकाशन डेली औसाफ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी राष्ट्रीय टीम के हालिया प्रदर्शन के मूल्यांकन के बाद सबसे छोटे फॉर्मेट में नेतृत्व बदलने पर विचार कर रहा है। अगर बाबर को कप्तान बनाया जाता है, तो वह सलमान अली आगा की जगह लेंगे।
बाबर आजम को टी20 टीम की कप्तानी सौंपने का विचार उन्हें टेस्ट टीम का कप्तान बनाए जाने के बाद से चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, बाबर के बतौर कप्तान अनुभव को देखते हुए उन्हें एक बार फिर से तीनों ही फॉर्मेट की कप्तानी दी जा सकती है।
हालांकि, पीसीबी की तरफ से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है कि बाबर एक बार फिर टी20 टीम की कमान संभालने के उम्मीदवार के तौर पर सबसे आगे चल रहे हैं। पीसीबी टी20 विश्व कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आगामी अंतरराष्ट्रीय सीरीज और आईसीसी इवेंट्स की तैयारी कर रही है।
बाबर पहले भी तीनों फॉर्मेट में पाकिस्तान की कप्तानी कर चुके हैं। बतौर कप्तान टी20 फॉर्मेट में उन्हें सफलता मिली है। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान 2021 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचा था, जबकि 2022 टी20 विश्व कप में उपविजेता रहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक पीसीबी, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मौजूदा टी20 कप्तान सलमान अली आगा को बतौर खिलाड़ी अहम मानता है, और वह भविष्य की योजनाओं में बने रहेंगे।
बाबर व्हाइट-बॉल क्रिकेट में पाकिस्तान के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं। माना जाता है कि उनका अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कप्तानी की मांगों से परिचित होना बोर्ड की सोच को प्रभावित करने वाली वजहों में है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 4:42 PM IST












