टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड में सीनियर मैनेजर सहित 10 पदों पर निकली वैकेंसी, 6 नवंबर तक करें आवेदन
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। नौकरी की बेहतर तलाश में जुटे लोगों के लिए टेहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) इंडिया लिमिटेड ने सीनियर मैनेजर सहित विभिन्न 10 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की ओर से जारी 10 रिक्तियों में सीनियर मैनेजर (फाइनेंस) के 2, डिप्टी जनरल मैनेजर (फाइनेंस) के 2, एडिशनल जनरल मैनेजर (फाइनेंस) का 1, सीनियर मैनेजर (एचआर) के 2, डिप्टी जनरल मैनेजर (एचआर) के 2 और एडिशनल जनरल मैनेजर (एचआर) का 1 पद शामिल है।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर की सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास सीनियर मैनेजर (फाइनेंस), डिप्टी जनरल मैनेजर (फाइनेंस) और एडिशनल जनरल मैनेजर (फाइनेंस) के लिए द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया/द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया से सीए/सीएमए क्वालिफाइड एवं सीनियर मैनेजर (एचआर), डिप्टी जनरल मैनेजर (एचआर) और एडिशनल जनरल मैनेजर (एचआर) के लिए किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/संस्थान से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ एचआरएम (एचआर मुख्य या मेजर विषय के तौर पर)/एचआरडी/एचआरएम में स्पेशलाइजेशन के साथ फुल-टाइम एमबीए या पर्सनल मैनेजमेंट/आईआर/लेबर वेलफेयर में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री या पीएम एंड आईआर/लेबर वेलफेयर में कम से कम 2 वर्ष का फुलटाइम पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा या सोशल वर्क या एमएचआरओडी में मास्टर्स डिग्री होनी चाहिए। वहीं, एलएलबी वाले को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 13 से 21 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 48 से 53 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 7 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। हालांकि छूट का लाभ उठाने के बाद अधिकतम ऊपरी आयु सीमा 58 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 600 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व-सैनिक/विभागीय उम्मीदवार/टीएचडीसी परियोजनाओं के डूब क्षेत्र/परियोजना प्रभावित क्षेत्र के परिवारों से संबंधित उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, पर्सनल इंटरव्यू और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 90,000 से 2,80,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Oct 2026 6:12 PM IST












